भजनों पर झूमे श्रद्धालु, फूलों और झालरों से सजा बांके बिहारी मंदिर
छठे वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन अनूप और अमन भैया ने दी प्रस्तुति, आज चित्र-विचित्र महाराज सुनाएंगे भजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। अंसल स्थित बांके बिहारी मंदिर में छठे तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायक अनूप और अमन भैया ने श्याम सुंदर मदन मोहन बांसुरी वाले, तू न संभाले तो हमें कौन संभाले... सहित भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। भगवान का आकर्षक शृंगार श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चे, युवा और बुजुर्ग भक्ति में लीन नजर आए।
मंदिर सेवक चमनलाल गुप्ता ने बताया कि वार्षिकोत्सव का उद्देश्य भगवान बांके बिहारी के प्रति श्रद्धा बढ़ाने के साथ समाज में भक्ति, प्रेम और भाईचारे का संदेश देना है। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और भंडारे की व्यवस्था भी की गई।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन प्रसिद्ध भजन गायक चित्र-विचित्र महाराज भजनों की प्रस्तुति देंगे। मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित पहुंचकर आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
बांके बिहारी मंदिर में सजाया कृष्ण राधा का दरबार। समिति
बांके बिहारी मंदिर में सजाया कृष्ण राधा का दरबार। समिति