अंबाला सिटी। 134ए के तहत पास हुए छात्रों को निजी स्कूलों में दाखिला दिलवाने में असमर्थ रहा शिक्षा विभाग अब उन्हें सरकारी स्कूलों में दाखिला लेने के लिए कह रहा है। इस दौरान उन छात्रों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिन्होंने पुराने स्कूल से एसएलसी (स्कूल लिविंग सर्टीफिकेट) ले लिया है। इसके अलावा एसएलसी ले चुके विद्यार्थी अगर पुराने निजी स्कूल में दाखिला लेना चाहता है तो स्कूल बच्चे से पूरे वर्ष की फीस नहीं लेगा। अगर ऐसा होता है तो शिक्षा विभाग की ओर से उन पर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि बहुत से स्कूलों ने 134ए के तहत पास हुए छात्रों को दाखिला देने से इनकार किया हुआ है। ऐसे में छात्र पिछले काफी समय से घरों में ही बैठे हुए हैं। जिन छात्रों को नए स्कूल में दाखिला नहीं मिलता है तो उन्हें सरकारी स्कूल में दाखिला देने का सरकार ने निर्णय लिया है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनूप ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से दूसरा ड्रा निकाल दिया गया है। इसके तहत बच्चों के पास दाखिला लेने के लिए 18 फरवरी तक का समय है।