अंबाला कैंट एयरफोर्स में सार्जेंट पद पर तैनात अनिल ने शनिवार रात पत्नी को चाकू से गोद कर मार डाला। फौजी ने अपनी पत्नी पर लगभग सोलह से सत्रह वार किए।
पत्नी की हत्या के बाद फौजी कैंट रेलवे स्टेशन पर बेहोशी की हालत में मिला। उसे कैंट सिविल अस्पताल दाखिल कराया गया। यहां पर होश में आते ही आरोपी फौजी फरार हो गया। फिलहाल पुलिस फौजी की तलाश में हैं, जबकि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
बीसी बाजार पुलिस चौकी के अनुसार अनिल कुमार वायुसेना में बतौर सर्जेंट तैनात है और अपनी पत्नी रीटा के साथ सेना क्षेत्र के मजूमदार गार्डन के पास रहता है।
पुलिस को दिए बयान में पड़ोसी सुशील कुमार ने बताया कि शनिवार रात पड़ोस में रहने वाले दंपति के झगड़े की आवाज आ रही थी। काफी देर तक यह सिलसिला नहीं रुका, तो वे वहां गए लेकिन अनिल कुमार ने भीतर से दरवाजा बंद कर रखा था। इसके बाद वे वापस अपने घर आ गए।
काफी देर बाद उन्हें बाइक स्टार्ट होने की आवाज आई, तो उन्होंने देखा कि अनिल अपनी बाइक स्टार्ट कर जा रहा है। इस पर अनिल के घर की ओर गए, तो देखा कि आंगन में फर्श पर रीटा लहूलुहान अवस्था में पड़ी है। यह देख उन्होंने तुरंत एयरफोर्स पुलिस को सूचित किया।
इसके बाद एयरफोर्स पुलिस स्टेशन मेडिकल सेंटर की एंबुलेंस को साथ लेकर आए और रीटा को तुरंत सेना अस्पताल पहुंचाया। यहां पर चिकित्सकों ने रीटा को मृत घोषित कर दिया। एयरफोर्स पुलिस ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी, जिसके बाद बीसी बाजार पुलिस सेना अस्पताल पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।
उधर, पत्नी की हत्या के बाद मौके से बाइक पर फरार हुआ यह फौजी अंबाला कैंट जीआरपी को बेहोशी की हालत में प्लेटफार्म नंबर दो की रेलवे लाइनों पर मिला।
शनिवार देर रात को ही जीआरपी ने उसे कैंट के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। जीआरपी एएसआई परमजीत सिंह ने बताया कि यह फौजी नशे की हालत में था, जिसे एंबुलेंस से कैंट सिविल अस्पताल लेकर आए थे। यहां पर इस घायल ने अपना नाम आदि बताया। जीआरपी इसके बाद लौट गई और रविवार सुबह जब फौजी के बयान लेने पहुंची, तो देखा कि वह अस्पताल से गायब है।
अस्पताल में इसकी पूछताछ की, लेकिन स्टाफ ने फौजी के गायब होने की जानकारी से ही इनकार कर दिया। बीसी बाजार पुलिस ने पड़ोसी सुशील कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।