अंबाला सिटी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा लेवल-1, लेवल-2 और लेवल -3 का आयोजन दो दिन में किया जाएगा। 30 जुलाई बुधवार को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा लेवल-3 दोपहर बाद सायं तीन बजे से 5.30 बजे तक आयोजित होगी। इस परीक्षा के लिए 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 3708 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचेंगे। 31 जुलाई को लेवल-2 के तहत प्रात: 10 से दोपहर 12.30 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। इस परीक्षा के लिए 20 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें छह हजार 106 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि इसी दिन यानी 31 जुलाई को लेवल-1 के तहत परीक्षा का आयोजन होगा और यह परीक्षा दोपहर बाद 3 बजे से 5.30 बजे तक आयोजित होगी। इस परीक्षा के लिए आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए है, जिनमें दो हजार 304 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचेंगे। कुल 12 हजार 118 परीक्षार्थी इस परीक्षा में भाग लेंगे वहीं, मंगलवार को सीईओ जिला परिषद गगनदीप ने एनआईसी के सभागार में डयूटी मजिस्ट्रेट व केंद्र अधीक्षकों के साथ परीक्षा के दृष्टिगत तैयारी की समीक्षा की। सीईओ ने बताया कि फ्रक्सींग टीम, सीसीटीवी कैमरे, जैमर व वीडियोग्राफी से संबंधित टीम भी अपने कार्य को समय रहते करना सुनिश्चित करें ताकि परीक्षा के दौरान किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि 20 केंद्रों पर एचटेट करवाया जाएगा। जिन केंद्र पर यह परीक्षा होगी, उन स्कूलों में बुधवार को अवकाश रहेगा।
इन केंद्र में करवाया जाएगा एचटेट
छावनी में भारतीय पब्लिक स्कूल जगाधरी रोड, डीएवी पब्लिक स्कूल रिवरसाइड जगाधरी रोड, राजकीय पीजी महाविद्यालय, मेजर आरएन कपूर डीएवी पब्लिक स्कूल, द एसडी विद्या स्कूल जगाधरी रोड, फारूका खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अंबाला पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल गणेश विहार और अंबाला सिटी में डीएवी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल जगाधरी गेट, दिल्ली पब्लिक स्कूल सद्दोपुर, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, एनसीसी सीनियर मॉडल स्कूल बलदेव नगर नारायणगढ़ रोड, पीकेआर जैन सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, पीकेआर जैन वाटिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल, श्री आत्म नंद जैन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एवं टेक्नोलॉजी, एसए जैन विजय वल्लभ पब्लिक स्कूल सर्कुलर रोड केंद्र बनाए गए हैं।