अंबाला। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीपीसी) की बैठक गुरुद्वारा थडा साहिब जोड़ीयां में हुई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने गुरुद्वारा पातशाही पंजोखरा साहिब में आयोजित समिति की बैठक में महासचिव गुरविंदर सिंह धमीजा और सदस्य बलजीत सिंह दादूवाल द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग और धमकाने की निंदा की। उन्होंने गुरुद्वारा परिसर में गाली-गलौज करने के आरोप में दोनों के खिलाफ कार्रवाई करने और बर्खास्त करने की मांग की है।
कमेटी अध्यक्ष महंत करमजीत सिंह ने बताया कि 14 अगस्त को पंजोखरा साहिब में दखल कमेटी की बैठक बुलाई थी। बैठक में भेजे गए प्रस्ताव के मुताबिक हरियाणा कमेटी के अधीन गुरुद्वारा साहिबों के काम और नई परियोजनाओें पर चर्चा होनी थी। वहीं महासचिव गुरविंदर सिंह धमीजा से पूछताछ की जानी थी जो उन्होंने 13 जुलाई को की थी। इन्हीं सवालों से घिरे महासचिव गुरविंदर सिंह ने बलजीत सिंह दादूवाल के साथ मिलकर माहौल खराब करने का षड्यंत्र रचा।
सदन में शामिल एक महिला सदस्य के बैठे होने के बावजूद भी उन्होंने अपशब्दों का इस्तेमाल किया और धक्का-मुक्की की। उन्होंने संगतों व गुरुद्वारा कमेटियों से भी अपील की कि इन दोनों का धार्मिक बहिष्कार करते हुए उन्हें किसी भी समारोह में बोलने की इजाजत न दी जाए। इस अवसर पर सचिव मोहनजीत सिंह पानीपत, कार्यकारी कमेटी सदस्य रमणीक सिंह, विनर सिंह, जगसीर सिंह, गुरबख्श सिंह, कमेटी सदस्य दीदार सिंह नलवी, सुजिंदर सिंह, भूपिंदर सिंह, साहिब सिंह व अन्य सदस्य मौजूद रहे।