अंबाला। सब डिवीजन नंबर 1 में तैनात कनिष्ठ अभियंता पवन दहिया के तबादले के विरोध में एचएसईबीवर्कर यूनियन का धरना बुधवार को दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर गया। यूनियन ने अधीक्षक अभियंता द्वारा किए गए इस तबादले को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए नियमों के विरुद्ध करार दिया है। सब यूनिट प्रधान तिलक सिंह ने स्पष्ट किया कि विभाग में ऑनलाइन तबादला नीति लागू है, फिर भी जबरन शहजादपुर भेजा जाना संदेह पैदा करता है। धरने को समर्थन देने पहुंचे इंडस्ट्रियल एरिया प्रधान नवीन ने भी आंदोलन में कूदने की चेतावनी दी। केंद्रीय परिषद के उप प्रधान राजकुमार सैहला ने कहा कि निगम में बढ़ता राजनीतिक हस्तक्षेप कर्मचारियों का मनोबल तोड़ रहा है। यूनियन ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि आदेश रद्द न हुए तो सोमवार से पूरे अंबाला सर्कल का काम ठप कर दिया जाएगा। इस मौके पर प्रदीप, हरजीत, मुकेश और भारी संख्या में बिजली कर्मचारी मौजूद रहे।