अंबाला। दिवाली पर बाजारों में सजावट के सामान के साथ साथ विभिन्न तरह की स्वदेशी लाइटों से भी घर रोशन होंगे। इस बार झूमर में कई प्रकार की लाइटें देखने को मिल रही हैं। इसके साथ ही भगवा रंग की लाइटें भी बाजार में लोगों को पसंद आ रही हैं। खास बात है कि लाइटों के बाजार पर पहले जहां चीन से बने उत्पादाें की अधिकता रहती थी, वहीं इस बार स्वदेशी उत्पादों की तरफ भी दुकानदारों का रुझान नजर आ रहा है। दुकानदारों ने इस बार दिल्ली, गुजरात और मुंबई से स्वदेशी झालरों को मंगाया है। घरों को सजाने वाली लड़ियों से लेकर, झूमर लाइट, हैंगिंग लाइट, स्टार लाइट और फैंसी लाइट दुकानों पर देखने को मिल रही हैं। लोग इन फैंसी लाइटों की खरीदारी कर रहे हैं। यह सभी तरह की लाइट और स्टैंड 70 रुपये से लेकर 1400 रुपये में है मिल रहे हैं।
दुकानदार दीपक गुप्ता बताते हैं कि बिना लाइट के दिवाली की कल्पना भी नहीं कर सकते। दुकान पर घूमने वाले रंग बिरंगे ग्लो लाइट स्टैंड 210 से 400 रुपये, हैंगिंग लाइट वाले झूमर 70 से 1000 रुपये, टच वाले लैंप 100 से 500 रुपये, फैंसी लाइट वाले झूमर 130 से 950 रुपये, स्टोन डायमंड लाइट 70 से 1000 रुपये, हैंगिंग लाइट वाले ओम, लटकने वाली स्टार लाइट 220 से 500 रुपये, हैंगिंग लटकने वाली दीया लाइट 200 से 400 रुपये में मिल रही है और लोग इसकी खरीदारी कर रहे हैं। वहीं इस बार दिल्ली, मुंबई और गुजरात से लाइटों व झूमरों को मंगाया गया है। स्वदेशी ही उत्पादों को आगे बढ़ा रहे हैं।
बॉक्स
वाटर फॉल लड़ी भी आ रही पसंद
दुकानदार अनिल बताते हैं कि उनके पास फैंसी और विभिन्न तरह की लड़ियां आई हुई हैं। घर को सजाने वाली वाटर फाल लड़ी जो पानी की तरह ऊपर से नीचे की और लाइट जगमग होती है। यह लड़ी 200 रुपये, इसके अलावा मल्टी कलर में लड़ी, सिंगल कलर की लड़ी 200 से 290 रुपये, फैंसी बल्ब 100 से 150 रुपये, डिस्को लाइट ड्राॅप लाइट टयूब 110से 140 रुपये, में उपलब्ध है।