अंबाला। उत्तर रेलवे ने 118 साल पुराने कालका-शिमला नेरोगेज सेक्शन पर एक बार फिर से हॉप-ऑन हॉप-ऑफ सेवा शुरू कर दी है। शिमला में पर्यटन सीजन की शुरुआत हो गई है। इस सुविधा के आधार पर पर्यटक एक ही टिकट पर सभी पर्यटन स्थलों को देख सकेंगे। ये टिकट कालका-शिमला सेक्शन के किसी भी स्टेशन से खरीदा जा सकता है। ये जानकारी उत्तर रेलवे महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने दी। वे छावनी जंक्शन पर शुक्रवार ट्रेन नंबर 02925 पश्चिम एक्सप्रेस से पहुंचे थे।
उन्होंने कालका-शिमला सेक्शन पर शुरू की गई हॉप-ऑन हॉप-ऑफ सेवा की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सेवा के अंतर्गत पर्यटक एक ही टिकट पर कालका-शिमला सेक्शन के सभी पर्यटन स्थलों को देख सकते हैं। यात्री किसी भी रेलगाड़ी के किसी भी डिब्बे में सीटों की उपलब्धता को देखते हुए सवार हो सकते हैं। यात्री किसी भी स्टेशन से किसी भी रेलगाड़ी में चढ़ या उतर सकते हैं। हॉप-ऑन हॉप-ऑफ सेवा के टिकट कालका-शिमला नैरोगेज सेक्शन के सभी स्टेशनों से जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हॉप-ऑन हॉप-ऑफ टिकट अहस्तांतरणीय और अप्रतिदेय है और इस पर कोई रियायत नहीं दी जाएगी। इस सुविधा का टिकट खरीदने के लिए यात्री को एक वैध पहचान-पत्र जैसे वोटर कार्ड, पासपोर्ट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, सरकारी प्रमाण-पत्र और किसी संस्थान द्वारा जारी छात्र प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। यात्री को यात्रा के दौरान उस प्रमाण-पत्र की मूल प्रति अपने साथ रखनी होगी और मांगे जाने पर दिखानी होगी। ऐसा न कर पाने वाले यात्रियों को बिना टिकट माना जाएगा और उनसे मौजूदा रेल नियमों के अनुसार प्रभार वसूला जाएगा।