सिविल अस्पताल अंबाला कैंट की नई ओपीडी ब्लाक की अधूरी तैयारियां देख जहां स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारी भड़क गए, वहीं इस ओपीडी ब्लाक का उद्घाटन के लिए एक जनवरी तय की गई है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों ने ओपीडी ब्लाक का निरीक्षण किया, लेकिन खामियां भी मिली, जिस पर अधिकारी भड़क गए। इस निरीक्षण के बाद अधिकारियों की बैठक भी हुई, जिसमें तय किया गया कि 31 दिसंबर तक ओपीडी को पूरी तरह से तैयार किया जाए और 1 जनवरी को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज इस ओपीडी ब्लाक का उद्घाटन करेंगे।
बुधवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव राकेश गुप्ता सहित अन्य उच्चाधिकारियों ने कैंट सिविल अस्पताल की नई ओपीडी ब्लाक का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण इसलिए किया गया था कि मंत्री अनिल विज कैंट की जनता को नए साल का तोहफा देना चाहते हैं। बीते दिनों भी इसी को लेकर निरीक्षण किया गया था, जिसमें ओपीडी का काफी काम बकाया था। उस दौरान उच्चाधिकारियों ने साफ निर्देश दिए थे कि इसका काम तेजी से पूरा किया जाए। इसके ठीक एक सप्ताह बाद बुधवार को फिर से निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने पाया कि ओपीडी का काफी काम अभी भी होना बाकी है, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर अभी काम चल रहा है।
दूसरी और तीसरी मंजिल पर चल रहा काम
सूत्रों की मानें, तो बेशक एक जनवरी को इस ओपीडी ब्लाक का उद्घाटन कर दिया जाएगा, लेकिन इसके बावजूद मरीजों की परेशानियां रहेंगी। आवाजाही के लिए जहां रास्ता ठीक नहीं है, वहीं ग्राउंड फ्लोर पर ही काम लगभग पूरा है, जबकि अन्य मंजिलों पर काम चल रहा है। इसके अलावा मेडिकल उपकरण भी पूरी तरह से अभी इंस्टाल नहीं हो पाए हैं, जबकि दावा किया जा रहा है कि यह काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। माना जा रहा है कि उद्घाटन के बाद भी इस ओपीडी के कुछ हिस्सों में काम चलेगा। इस अवसर पर एसडीएम सुभाष चंद्र सिहाग, डीएसपी सुरेश कौशिक, मार्केट कमेटी के चेयरमैन बलविंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष जसबीर जस्सी, सुरेंद्र तिवारी, पार्षद सतपाल ढल, ललिता चौधरी, राम गोपाल पराशर, मुकेश राणा, नरेंद्र पाल राणा, फकीर चंद सैनी, आशीष गुलाटी, मनदीप सिंह, विजेंद्र चौहान, रवि सहगल, गुरपाल माजरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में भड़के मुख्य सचिव
निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने जिला स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने निरीक्षण के दौरान मिली खामियों के बारे में बताया और साफ निर्देश दिए कि 31 दिसंबर तक इन सभी कमियों को पूरा किया जाए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिए।
स्टाफ की कमी होगी दूर
उधर, अस्पताल में सीटी स्कैन की मशीनों का प्रयोग के लिए भी प्लान किया जा रहा है। इसके तहत सीटी स्कैन के लिए स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए आउटसोर्स का सहारा लिया जाएगा। इसी तरह प्रदेश के सभी मेडिकल कालेजों में भी स्टाफ की कमी के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कैंट सिविल अस्पताल की ओपीडी ब्लाक का काम इस साल पूरा हो जाएगा। जबकि इसका उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज एक जनवरी को करेंगे।
- डॉ. विनोद गुप्ता, सिविल सर्जन अंबाला
नए वर्ष में अंबाला छावनी वासियों का सिविल अस्पताल के नए भवन में ओपीडी खंड का उपहार दिया जाएगा। यह खंड बनकर तैयार हो चुका है। विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस खंड का दौरा करके उद्घाटन के लिए सहमति दे दी है। - अनिल विज, स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री हरियाणा