जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग की ओर से पुलिस डीएवी स्कूल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में आईआईटी
- फोटो : Ambala
अंबाला। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले चार छात्रों का आईआईटी व एनआईटी में दाखिला लेने पर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। इसको लेकर विशेष रूप से जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग की ओर से पुलिस डीएवी स्कूल के सभागार में सम्मान समारोह आयोजित हुआ। समारोह में उपायुक्त विक्रम सिंह व वशिष्ठ अतिथि विकल्प फाउंडेशन के संस्थापक नवीन मिश्रा ने शिरकत की।
उन्होंने चारों विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को सम्मानित किया। इस मौके पर सामाजिक संस्थाओं ने भी अपनी स्वेच्छा से इन चारों विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन के रूप में चेक वितरित किए। उपायुक्त विक्रम सिंह ने चारों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों ने सुपर-100 कार्यक्रम के तहत जेईई मेन एडवांस पेपर उत्तीर्ण करते हुए एनआईटी व आईआईटी में दाखिला लिया है जो कि सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी आज शिक्षा जगत में आगे आते हुए अपनी चमक बिखेर रहे हैं। उससे अन्य विद्यार्थी भी प्रेरित होंगे। उन्होंने इस मौके पर इन चारों विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि बताते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अध्यापकों को भी छात्रों को पाठ्यक्रम से अधिक ज्ञान देने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण शिविर में छात्रों को मिलती है सभी सुविधाएं
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को जहां आईआईटी व एनआईटी की परीक्षा के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। वहां पर उन्हें सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस सेंटर में जो भी खर्च होता है वह शिक्षा विभाग द्वारा वहन किया जाता है। उन्होंने कहा कि कई बार अभिभावक के मन में ऐसी आशंका रहती है और विद्यार्थी भी चयनित होने के बाद वहां नहीं जाते हैं। उन्होंने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि वह चिंता न करें, वहां पर विद्यार्थियों को सभी सुविधाएं मिलती है। उपायुक्त ने बताया कि विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए जिले के 93 स्कूलों में पुस्तकालयों को तैयार करने का कार्य किया जा रहा है। वहां पर कॅरिअर चार्ट लगवाने का काम भी किया गया है और इस कार्य को शिक्षा विभाग ने बहुत ही कम समय में करके दिखाया है जोकि काफी सराहनीय है। उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी को कहा कि वह सेकेंडरी स्कूलों में भी करिअर चार्ट लगवाएं ताकि 9वीं व 10वीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी जानकारी मिल सके।
इन छात्रों का हुआ इस आईआईटी व एनआईटी में दाखिला
जिले के जिन चार विद्यार्थियों का आईआईटी व एनआईटी में दाखिला हुआ है उनमें रामपुर सरसेहड़ी स्कूल के सुशील कुमार, जिनका आईआईटी रोपड़ में, जीएचएस तेपला के निखिल का एनआईटी कैलीकट केरला, जीएसएसएस बड़ा गांव की रीतू का आईआईटी पटना में व जीएसएसएस बड़ा गांव के सूरज चौहान का एनआईटी कुरुक्षेत्र संस्थान दाखिल हुआ है।