- एनएचएआई ने वर्षों बाद दूर की कमियां, 5 नवंबर को होगा कार्यक्रम
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। गृहमंत्री अमित शाह के 5 नवंबर को आगमन को देखते हुए अधिकारी नींद से जाग गए हैं। खासकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, जिसने अंबाला से गुजर रहे देश के प्रमुख राजमार्गों की हालत की तरफ देखा। डर से ही सही, मगर एनएचएआई ने राजमार्गों की छोटी-छोटी कमियों को दूर करा दिया है। जिन राजमार्गों का गृहमंत्री इस्तेमाल करेंगे उन मार्गों को साफ, सुंदर और सुविधाजनक बना दिया है। इसमें अंबाला दिल्ली-राजमार्ग, अंबाला-अमृतसर राजमार्ग और अंबाला-जगाधरी राजमार्ग शामिल हैं।
अंबाला-दिल्ली और अंबाला-अमृतसर राजमार्ग पर कैंट के नन्हैड़ा से लेकर पूरे राजमार्ग पर पंजाब बॉर्डर तक एनएचएआई ने कई कार्य कराए हैं। इसमें मुख्य तौर पर राजमार्ग के डिवाइडर पर पॉम ट्री लगाए गए हैं। इनकी देखरेख भी की जा रही है। इसके साथ ही राजमार्ग पर लाइटाें को ठीक कराया गया है। तिरंगा लाइटों को लगा दिया गया है। राजमार्ग की सर्विस लेन पर शहीदों की कलाकृतियां की गई हैं। कहीं पर चेतावनी स्लोगन भी अंकित किए गए हैं। साथ ही चेतावनी संकेतकों, टूटी रेलिंगों को ठीक किया गया है। पानी निकासी के लिए बनाए नालों को भी पाट दिया गया है।
लाइटों का लिया ट्रायल
तीन वर्ष पहले अंबाला-जगाधरी राजमार्ग पर तिरंगा लाइटों को एनएचएआई ने लगवाया था, मगर समय बीतने पर लाइटें खराब हो गईं। इनकी तरफ दोबारा ध्यान नहीं दिया गया। अब दोबारा से अंबाला-जगाधरी राजमार्ग पर तिरंगा लाइटों को लगाया गया है। शनिवार को लाइटों का ट्रायल लिया गया। इनके जलने से कैंट तिरंगा रंग से जगमगा रहा है।
बिटुमिन की नई लेयर बिछा दी गई
अंबाला-जगाधरी राजमार्ग, जीटी रोड पर सर्विस लेन को भी ठीक किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन के सामने सर्विस लेन की सड़क तो पिछले कई महीनों से खराब हालत में थी। यहां जगह-जगह गड्ढे थे। हैवी ट्रेफिक होने के कारण बजरी सड़क पर बिखरी रहती थी। अब यहां पर बिटुमिन की नई लेयर बिछा दी गई है। इसके साथ ही अंबाला जगाधरी राजमार्ग को भी कई जगह से ठीक किया गया है। सफेद पट्टियां नई बना दी गई हैं। वहीं राजमार्ग के किनारों को कंकरीट से पाटा जा रहा है।
अंबाला जगाधरी राजमार्ग पर तिरंगा रोशन में जगमग लाइटें। संवाद- फोटो : doda news