अंबाला सिटी। कोरोना के आए नए वेरिएंट जेएन.वन को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। इसको लेकर विभाग ने तैयारी भी पूरी कर ली है। डॉक्टरों को लोगों को बचाव के तरीके समझाने के साथ-साथ मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं लोगों को भी खांसी, सर्दी व बुखार होने पर डाक्टर को चेक करवाने के लिए सलाह दी जा रही है।
विभाग ने कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर बीते दिनों मॉक ड्रिल भी की। पिछले सप्ताह में 80 सैंपल लिए गए, जिसमें कोई भी संक्रमित नहीं मिला। फिर भी चिकित्सक एहतियातन सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। वहीं मॉक डि्रल में सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में दवाइयां, बिस्तर, मशीन व प्रशिक्षण चेक किया गया। हालांकि कोरोना के समय से ही जिले में सैंपल लगातार किए जा रहे हैं। यह अभी बंद नहीं हुए हैं।
अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में 23, छावनी नागरिक अस्पताल में 23, नारायणगढ़ अस्पताल में 10, चौड़मस्तपुर सीएचसी में दो, सेक्टर-10 पॉलिक्लीनिक अस्पताल में दो बेड आइसोलेशन के लिए रखे गए हैं। इन अस्पतालों में छह ऑक्सीजन प्लांट बनाए गए हैं। यह अभी चल रहे हैं। इनमें सेक्टर-10 पॉलीक्लीनिक, नारायणगढ़, सीएचसी चौड़मस्तपुर, अंबाला छावनी में एक-एक व शहर नागरिक अस्पताल में दो ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए हैं।
इसी तरह प्राइवेट मिशन अस्पताल, हीलिंग टच, मुलाना मेडिकल कॉलेज में भी ऑक्सीजन प्लांट व आइसोलेशन बेड रखे गए हैं। इसके साथ ही सेक्टर-10 पॉलिक्लीनिक में लैब भी स्थापित की गई है। कोरोना काल में यहां दिन-रात जांच की गई। इस लैब की क्षमता 2500 से चार हजार परीक्षण रोजाना की है। वहीं, बीते एक सप्ताह की बात करें तो 80 सैंपल अभी तक लिए जा चुके हैं। इनमें एक भी संक्रमित नहीं मिला है।
जिला महामारी नियंत्रक डॉ. सुनील हरि ने बताया कि कोरोना के दौरान से ही लैब में सैंपल किए जा रहे हैं। यह लैब बंद नहीं हुई है। अस्पतालों में भी डॉक्टरों से आग्रह किया गया है कि मास्क लगाकर मरीजों को चेक करें और उनको भी मास्क लगाने के लिए प्रोत्साहित करें। अगर किसी भी व्यक्ति को खांसी, सर्दी व बुखार आता है तो डॉक्टर को चेक करवाएं। खांसी, सर्दी होने पर खुद को अलग कर लें ताकि आगे किसी अन्य को फ्लू न फैले।