गृहमंत्री से मिलने पहुंचे डॉ. सादिक व टीम।
- फोटो : Ambala
अंबाला। गृह, शहरी स्थानीय निकाय एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अपने स्वैच्छिक कोष से 10 लाख रुपये की राशि मिशन अस्पताल को सौंपी है। इस राशि से अस्पताल में वेंटिलेटर खरीदने, आईसीयू में सुधार करने व अस्पताल संबंधित चिकित्सा सुविधाओं के लिये काम किया जायेगा। गृहमंत्री अनिल विज के सेवाभाव और मिशन अस्पताल के कार्य को देखते हुए उनके साथियों ने भी दो बाईपेप वेंटिलेटर देने का काम किया है। इन दोनों वेंटिलेटरों की कीमत करीब एक लाख रुपये होगी। गृहमंत्री द्वारा दिये गये सहयोग के चलते मिशन अस्पताल में मरीजों को और बेहतर चिकित्सा उपलब्ध हो सकेगी और कोरोना काल में मिशन अस्पताल अपेक्षाकृत सेवा के अधिक कार्य कर पाएगा।
गृहमंत्री ने कोरोना महामारी के चलते मिशन अस्पताल द्वारा कोरोना संक्रमित मरीजों के लिये किये जा रहे कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मिशन अस्पताल अंबाला शहर को कोविड केयर सेंटर के रूप में स्थापित किया गया है और पिछले कईं दिनों से मिशन अस्पताल के चिकित्सक व अन्य स्टाफ जिला प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कोरोना संक्रमण को रोकने की दिशा में बेहतर तरीके से कार्य कर रहा है जोकि काफी सराहनीय है। डॉ सुनील सादिक ने यह भी बताया कि मिशन अस्पताल वर्ष 1883 से जनसेवा के कार्य में लगा हुआ है। कोरोना काल की बात करें तो इस कोविड केयर सेंटर से करीब 600 कोरोना प्रभावित मरीज स्वस्थ होकर सकुशल अपने घर भी पहुंचे हैं।