नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों के साथ बदसलूकी और मारपीट के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे है। रविवार को छावनी नागरिक अस्पताल के बाद मंगलवार को सिटी सिविल इसी तरह का मामला दोहरा दिया गया। यहां एक महिला मरीज ने मंत्री का भय दिखाकर डॉक्टर को तुरंत इलाज करने के आदेश दिए। जब डाक्टर ने कहा कि पहले जो मरीज आए हैं उन्हें देख लूं तो महिला आग बबूला हो गई। महिला ने स्टाफ सदस्य व डाक्टर के साथ बदतमीजी की और तबादला करने की धमकी तक दे डाली। इस महिला ने सुबह के समय अपनी पर्ची बनवा ली और वार्ड सर्वेंट को देकर कहीं निकल गई। दोपहर के समय जब आई तो ओपीडी के बाहर लंबी कतार लगी थी। इस पर महिला ने अप्रोच की बात बोलकर डॉक्टर से तुरंत इलाज करवाने की बात कही। इस पर वार्ड सर्वेंट महिला ने उन्हें सीधे ओपीडी में जाने से मना कर दिया। जिसे सुनकर महिला तिलमिला गई। ऊंची आवाज में बोलते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस पर डॉक्टर भी बाहर आए। महिला से ऊंची आवाज में बात करने के कारण के बारे में पूछा। लेकिन तिलमिलाई महिला ने डॉक्टर के साथ भी बतमीजी शुरू कर दी। डॉक्टर को अपशब्द बोल दिए। साथ ही मंत्री का नाम लेकर बोली की तुम्हारी तो मैं यूं बदली करवा दूंगी। डॉक्टर के समझाने पर महिला हाथापाई पर उतारू हो गई। इस पर डॉक्टर सीएमओ दफ्तर शिकायत करने के लिए पहुंचे।
सीएमओ कार्यालय में पहुंची महिला, वहां भी किया दुर्व्यवहार
सीएम पर शिकायत लेकर पहुंचे डॉक्टर ने सीएमओ को पूरे मामले के बारे में अभी बताया भी नहीं था कि आरोपी महिला अपने पति के साथ वहां भी पहुंच गई। पहले महिला ने यहां भी दुर्व्यवहार किया। लेकिन बाद में जब सीएमओ ने उन्हें समझाया तब उसका गुस्सा शांत हुआ। जिसके बाद डॉक्टर ने सीएमओ कार्यालय में ही महिला का चैकअप किया और बाकी मरीजों का इलाज करने के लिए कमरे में आ गए। इसके बाद डॉक्टर ने अस्पताल में लगातार बढ़ रही बदतमीजी की घटनाओं के खिलाफ सीएमओ लिखित में शिकायत दी। इस ओर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
मेरे पास डॉक्टर की लिखित में शिकायत आई है। जिसपर जांच करने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही डॉक्टरों के साथ आगे ऐसे बदतमीजी की वारदात न हो। इसको लेकर कोई एक्शन लिया जाएगा।
पूनम जैन, सीएमओ, अंबाला।