अंबाला। कोरोना जिले में अभी भी जमकर कहर बरपा रहा है। दो लॉकडाउन के बावजूद जिले में बेशक रिकवरी रेट में अब थोड़ा सुधार हुआ है लेकिन मृत्यु दर अभी भी तेजी से बढ़ रही है। जिला स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार रविवार को कोरोना ने जिलेभर में नौ लोगों की जान ली। लेकिन केवल अंबाला शहर और छावनी के केवल दो श्मशान घाटों पर ही 13 चिताएं कोविड प्रोटोकाल के तहत जलाई गईं। इनमें
अंबाला शहर रामबाग श्मशान घाट पर आठ और छावनी रामबाग शमशान घाट पर पांच चिताएं कोविड प्रोटोकाल से जलीं। छावनी नागरिक अस्पताल से एक मौत पंजाब के व्यक्ति की भी हुई। इसके अलावा बराड़ा, मुलाना, शहजादपुर और साहा व किसी भी गांव के श्मशान घाट और कब्रिस्तान के आंकड़े इसमें शामिल नहीं हैं। जहां तक स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड की बात करें तो इसके अनुसार अंबाला शहर से सात और एक मौत गांव बड़ौली व एक अन्य मौत गांव घेल निवासी व्यक्ति की हुई। जिले में पिछले एक सप्ताह में रिकवरी रेट सुधरकर करीब 88 प्रतिशत पहुंच चुका है।
रिकॉर्ड में रविवार को इनकी गई जान
अंबाला शहर की शालीमार कॉलोनी निवासी 63 वर्षीय पुरुष, बलदेव नगर अंबाला शहर से 68 वर्षीय पुरुष, मॉडल टाउन अंबाला शहर से 74 वर्षीय महिला, दुर्गा नगर अंबाला शहर से ही 60 वर्षीय पुरुष, सेक्टर-7 अंबाला शहर से ही 73 वर्षीय महिला, जग्गी कॉलोनी अंबाला शहर से 74 वर्षीय पुरुष, जगाधरी गेट अंबाला शहर से ही 59 वर्षीय महिला, गांव बडौली से 89 वर्षीय महिला और गांव घेल से 41 वर्षीय पुरुष की कोरोना ने जान ले ली।
अस्पतालों में बढ़ रही मरीजों की संख्या
जिले के सभी अस्पतालों में रविवार शाम तक करीब 732 मरीज भर्ती थे। इनमें से सरकारी अस्पतालों में ही करीब 235 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट और करीब 32 मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर सांसे ले रहे थे। करीब 85 मरीज मुलाना मेडिकल अस्पताल में भर्ती हैं। इस तरह यहां अभी भी करीब 125 बेड खाली हैं। हालांकि यहां पर आईसीयू बेड अब एक भी रिक्त नहीं है। यहां 24 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। जिले के सभी अस्पतालों में इस समय करीब 70 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। जिले में 2281 संक्रमित होम आइसोलेट किए गए हैं। अस्पतालों में भर्ती करीब 200 मरीजों की हालत नाजुक है। इनमें से कुछ बाईपेप सपोर्ट वाले मरीज भी शामिल हैं।
यहां से आए नए केस
रविवार को अंबाला शहर से 78, अंबाला कैंट से 56, शहजादपुर से 29, मुलाना से 27, बराड़ा से 59, नारायणगढ़ से 4 व चौड़मस्तपुर से 55 केस मिले। इनमें मलिकपुर बराड़ा से रिकॉर्ड 14 व शहजादपुर के सलौला से 7 केस, शाहपुर, धीन बराड़ा, गंगोली मुलाना, प्रेम नगर अंबाला शहर, सोनिया कॉलोनी अंबाला शहर, बैंक कॉलोनी अंबाला कैंट, बलदेव नगर अंबाला शहर, बादशाही बाग अंबाला शहर, पटेल नगर अंबाला सिटी, डेरा सलीमपुर बराड़ा, चंद्रपुरी कॉलोनी अंबाला कैंट, नन्यौला, उगाला, सुरिंद्र कॉलोनी अंबाला शहर, सरकपुर बराड़ा व कुराली से 2-2, ओल्ड सेशन कोर्ट अंबाला सिटी, साहा, सलारेहड़ी से 3-3, हलदारी मुलाना, तोपखाना अंबाला कैंट, सेक्टर-7 अंबाला शहर व मिलाप नगर अंबाला शहर से 4-4 व अधोया बराड़ा से 5 और अन्य जगह से केस मिले।
जिले में कोरोना की अब तक की स्थिति
जिले में रविवार तक 27389 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें रविवार को मिले 308 केस भी शामिल हैं। रविवार को 620 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। इसके साथ अब तक 24099 मरीज कोरोना से मुक्त हो चुके हैं। जिले में कोरोना से 395 लोगों की जान जा चुकी है। इसी कारण मृत्यु दर बढ़कर अब 1.42 प्रतिशत हो चुका है। हालांकि ठीक होने वाले मरीजों की औसत पिछले एक सप्ताह से ज्यादा होने के कारण अब दोबारा से रिकवरी रेट करीब 88 फीसद हो गया है जोकि 81 प्रतिशत तक चला गया था। अब जिले में 2895 कोरोना के एक्टिव केस रह गए हैं।
सैंपलिंग की स्थिति
जिले में अब तक 361907 कोरोना के सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 50870 एंटिजन किट से किए गए हैं जबकि 311037 सैंपल आरटीपीसीआर से लिए गए हैं। जिले में अभी तक लिए गए कुल सैंपल में से कोविड प्रोजिटिव रेट करीब 7.62 है जबकि रविवार को 9.50 फीसदी सैंपल संक्रमित मिले।
मई माह अब तक कोरोना की स्थिति
मई के पहले 16 दिनों में कोरोना के 39815 सैंपल लिए गए। इनमें से अब तक 6532 संक्रमित मिले चुके हैं। 2106 की रिपोर्ट आना बाकी है। 6862 लोगों को मई माह में डिस्चार्ज किया गया है। मई के पहले 16 दिनों में रिकॉर्ड के अनुसार 154 लोगों की जान कोरोना ले चुका है।
रविवार को वैक्सीनेशन की यह रही स्थिति
जिले में रविवार को 18 से 44 आयुवर्ग के 2897 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। 45 से 60 आयुवर्ग में 345 को पहली और 507 को दूसरी डोज लगाई गई। 60 आयुवर्ग से ज्यादा वालों में 210 को पहली और 565 को दूसरी डोज लगाई गई। कुल 3639 को पहली और 1130 को दूसरी डोज लगाई गई। कुल मिलाकर 4769 टीके रविवार को लगे। मई माह में 43490 को और 34941 को दूसरी डोज लग चुकी है। जिले में अब तक 372450 टीके कोरोना से बचाव के लग चुके हैं। इनमें से 275051 को पहली और 97399 को दूसरी डोज लग चुकी है।
बाईपेप देने वाले सज्जनों की संख्या में होने लगा इजाफा
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की मदद के लिए अब दानी सज्जनों के हाथ उठने लगे हैं शनिवार को जहां भाजपा वालों ने 5 बाईपेप मशीने स्वास्थ्य विभाग को भेंट की थी वहीं रविवार को कोरोबारी रिषभ गुप्ता ने 3 और रमन गुप्ता ने 2 बाईपेप मशीनें स्वास्थ्य विभाग को भेंट की। अब तक करीब 15 बाईपेप3 मशीनें स्वास्थ्य विभाग को पिछले करीब एक सप्ताह में मिल चुकी हैं।