अंबाला सिटी। बलदेव नगर थाना क्षेत्र में तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने अज्ञात चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पहले मामले में आर्य चौक के पास सड़क किनारे खड़ी स्कूटी को स्कार्पियो ने टक्कर मार दी, जिससे चालक बेहोश हो गया और वाहन व मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं दूसरे मामले में जग्गी गार्डन के समीप सामने से आई कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और बाइक को घसीटते हुए ले गई, जिससे युवक के कंधे व टांग में फ्रैक्चर आ गया।
सड़क किनारे खड़ी स्कूटी को मारी टक्कर
सेक्टर-9 निवासी राहुल चोपड़ा ने बताया कि वह कपड़ा मार्केट में विवेका फैब्रिक नाम से दुकान चलाते हैं। 26 नवंबर को करीब 11 से 11:30 बजे वह अपनी स्कूटी लेकर आर्य चौक स्थित किताबों की दुकान के सामने सड़क किनारे खड़े थे। इस दौरान पॉलिटेक्निक चौक की ओर से बस को ओवरटेक कर आई तेज रफ्तार व लापरवाह वाहन चालक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर से वह गिरकर बेहोश हो गए और होश आने पर खुद को नागरिक अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में पाया। छाती व कमर के नीचे अंदरूनी चोटें आईं। चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। जांच अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
कार की टक्कर से बाइक सवार घायल
मोहाली के मीरपुरा गांव निवासी दलविंद्र सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं और 25 नवंबर को रात करीब 11:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल से मंडोर गांव से बलदेव नगर की ओर जा रहे थे। जग्गी गार्डन स्थित जग्गी प्रॉपर्टी ऑफिस के पास सामने से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह पक्की सड़क पर गिरकर घायल हो गए और भागने के प्रयास में कार चालक उनकी बाइक को गाड़ी में फंसाकर काफी दूर तक घसीट ले गया। 112 डायल कर उन्हें नागरिक अस्पताल पहुंचाया। तबीयत ठीक न होने के कारण 26 नवंबर को बयान नहीं हो सका और 28 नवंबर को सर्जरी हुई। जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि कार नंबर के आधार पर लापरवाही से वाहन चलाने की धारा 281, चोट पहुंचाना 125(ए), गंभीर चोट पहुंचाना 125(बी) व संपत्ति को नुकसान पहुंचाने 324(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।