पेंशन के लिए विज के सामने रोता बुजुर्ग
- फोटो : amar ujala
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि दिल्ली में फैले प्रदूषण के लिए हरियाणा या पंजाब जिम्मेदार नहीं हैं। वे बुधवार को कैंट रेस्ट हाउस में आयोजित खुले दरबार में लोगों की शिकायतें सुनने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान विज ने लोगों की विभिन्न विभागों से संबंधित 287 शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
मंत्री विज ने कहा कि अपने दोष के लिए दूसरों पर आरोप लगाना केजरीवाल की आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि यह समस्या एनसीआर क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण के कारण पेश आई है और हरियाणा सरकार ने प्रदूषण को रोकने के लिए किसानों पर जुर्माना लगाने सहित सभी आवश्यक कदम उठाए हैं।
खुले दरबार में न्यू कॉलोनी अंबाला शहर के लोगों ने तारों की समस्या, न्यू पारस नगर बाला के नगले क्षेत्र के लोगों ने गलियों का निर्माण करवाने की मांग रखी। महेशनगर के दुकानदारों और लोगों ने कम वोल्टेज की समस्या रखी और कहा कि ट्रांसफार्मर को बदलने की आवश्यकता है। इसी प्रकार चंद्रपुरी से आए लोगों ने पानी की निकासी की समस्या रखी और स्वास्थ्य मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे एक सप्ताह के अंदर इस मामले पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
इसी प्रकार डिफेंस कॉलोनी फेस टू के लोगों ने बिजली के खंभे लगवाने, पेयजल और सड़कों के निर्माण का अनुरोध किया और स्वास्थ्य मंत्री ने बिजली निगम और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इन कार्यों के प्रस्ताव पास करके एक सप्ताह में पेश करने के निर्देश दिए। कुछ लोगों ने बीपीएल कार्ड की समस्या रखी। स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि बीपीएल के लिए सरकार शीघ्र ही सर्वे कराएगी और सर्वे में सभी योग्य पात्रों को सूची में शामिल किया जाएगा।