अनिल विज कहा कि यह युद्ध का समय है और ऐसे समय में आपस में नहीं लड़ा करते। यकीनी तौर पर इनके (कांग्रेस) दिमाग में कुछ प्रश्न हो सकते हैं, लेकिन उन्हें उठाने का यह समय नहीं है। यह समय पूरे देश की एकता दिखाने का है, हर भारतवासी को खड़े होकर यह कहना चाहिए कि नरेंद्र मोदी हम आपके साथ हैं, आप लड़ाई करो हम आपके साथ हैं।
विज मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। भारत की जवाबी कार्रवाई से बचने के लिए पाकिस्तान ने आतंकियों को उनके लांच पैड से हटाकर कैंप में भेज दिया है, पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री विज ने कहा कि यह रहेंगे तो पाकिस्तान में ही न, कहीं भी यह दौड़कर चलें जाएंगे, इन्हें हम नहीं छोड़ेंगे। यह बार-बार हमारी शांति भंग करते हैं, कश्मीर की खुशहाली देखकर इनके सीने पर जो सांप लौटता है कि हम तो भूखे मर रहे हैं और कश्मीर तो तरक्की कर रहा है। कश्मीर में पौने दो करोड़ सैलानी आए। इससे कश्मीर की अर्थव्यवस्था कितनी बढ़ती है। ऐसे में यह धर्म पूछ-पूछकर लोगों को मार रहे हैं। यदि किसी दिन हिंदुओं ने निर्णय कर लिया कि न हम वैष्णो देवी जाएंगे, न अमरनाथ जाएंगे और न हम कश्मीर में सैलानी बनकर जाएंगे। ऐसे में अर्थव्यवस्था का क्या हाल होगा।
जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं मोदी
पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड पाकिस्तान का पूर्व एसएसजी कमांडर हाशिम मूसा बताया जा रहा है, जबकि पाकिस्तान इस हमले में अपना कोई हाथ होने पर इंकार कर रहा है। इस पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि फिर यह पाकिस्तान छोड़-छोड़ क्यों भाग रहे है और बच्चों को विदेशों में क्या भेजा जा रहा है। आज तक किसी चोर ने यह नहीं कि मैं चोर हूं, इसका फैसला तो निष्पक्ष ताकतें करती हैं और फैसला भारत ने कर दिया है कि हम किसी भी हालत में आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बार-बार कहा है कि यह जो खून तुमने बहाया है, इसका हम इंसाफ करेंगे तथा मोदी जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं।