सर्वेक्षण करते सीएम मनोहर लाल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सीएम ने भी किया हवाई सर्वेक्षण, पांच जिले अलर्ट पर
उधर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बुधवार को तीन दिनों की लगातार बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बारिश से संबंधित घटनाओं में मरने वाले परिजनों को चार लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नाव के साथ साथ एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर के जरिये भी गांव-गांव भोजन पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने जिलों में माली नुकसान का आकलन करें। जिन गरीब परिवारों के घरों का नुकसान हुआ है, उन्हें तुरंत सरकार की ओर से मदद पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा, आपदा प्रबंधन फंड से भी सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पानी की निकासी के लिए यदि प्रशासन को और अधिक पंपों की आवश्यकता है तो वे तुरंत अपने स्तर पर व्यवस्था करें या मुख्यालय को सूचित करें। पानी की निकासी के बाद इलाकों में सफाई व्यवस्था पर जरूर ध्यान दिया जाए।
नागरिकों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े यह जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अधिकारी फील्ड में उतरकर कार्य करें। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी इलाकों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करें। जहां पाइपलाइन से जलापूर्ति अभी संभव नहीं है, उन इलाकों में पानी के टैंकरों की सप्लाई सुनिश्चित करें। इस कार्य में समाजसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाए। साथ ही, सीवरेज की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि पशुओं के चारे की व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दे दिए हैं। जो जिले अपने स्तर पर पशुओं के चारे की व्यवस्था कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर अन्य जिलों से भी चारे की व्यवस्था करवाई जाएगी।
ये जिले अब अलर्ट पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पानी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है, इसलिए जींद, फतेहाबाद, फरीदाबाद, पलवल और सिरसा जिलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
पंजाब-हिमाचल का पानी बना परेशानी का सबब
मनोहर लाल ने कहा कि औसत से अधिक बारिश होने व हिमाचल, पंजाब से भी पानी आने के कारण प्रदेश में बाढ़ के हालात बन गए। कहीं-कहीं तो बारिश का वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया है। बारिश से सात जिले अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, पानीपत और कैथल अधिक प्रभावित हुए हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने ट्रैक्टर से किया दौरा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी