हरियाणा के सीएम मनोहर लाल
- फोटो : अमर उजाला
सीएम मनोहर लाल ने लिया जाएजा, मृतकों के परिवारों को मुआवजे का एलान
अंबाला में बारिश और नदियों के पानी से बने हालातों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल जिले में पहुंचे। इस दौरान अंबाला छावनी के उपमंडल कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। वहीं, एयर फोर्स स्टेशन का जायजा लिया। इसके साथ ही अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि आपदा में जिन लोगों के घर खराब हुए हैं उनके घर की मरम्मत के लिए जो भी प्रावधान होंगे उस हिसाब से सरकार मदद करेगी। सीएम ने कहा कि सबसे अधिक नुकसान अंबाला में हुआ है, वहीं साथ ही कहा कि कुरुक्षेत्र के गांवाें में भी अधिक नुकसान हुआ है। यमुनानगर, कैथल, पानीपत, पंचकूला में भी नुकसान है। अभी तक आपदा के कारण 10 लोगों की मौत हो चुकी है। जिन लोगों की मौत हुई उनके परिजनों को 4 लाख रुपये बतौर मुआवजा मिलेंगे।
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा बोले; लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे लोग
हरियाणा के कई जिलों के लोग बाढ़ की चपेट में हैं। कहीं फसलें बर्बाद है तो कहीं घरेलू सामान नष्ट हो चुका है। चारों और बर्बादी दिखाई पड़ रही है। ऐसे हालात सरकार की लापरवाही के चलते ही पैदा हुए हैं। लोगों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। सरकार पहले से सर्तक रहती तो इन हालात से बचा जा सकता था। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। वे आज यहां बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने पत्रकारों से चर्चा की और कहा कि सरकार को पीड़ित लोगों को मुआवजा देना चाहिए।
छोटी नाली से लेकर नहरें तक सब अटी रही
हुड्डा ने कहा कि फसलें बर्बाद हो चुकी है तो रिहायशी क्षेत्रों में कई-कईं फीट तक पानी खड़ा है। लोगों की जान संकट में है। सरकार को चाहिए कि उन्हें अधिक से अधिक राहत दें और खाने-पीने की वस्तुएं पहुंचाए। उन्होंने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी थी कि बारिश का सीजन आने से पहले नदी-नाले दुरूस्त किए जाने चाहिए थे। छोटी नाली से लेकर नहरें तक सब अटी रही और किसी ने सुध नहीं ली।