श्रद्धालुओं को शिक्षा देते तरुण सागर
- फोटो : amar ujala
जैन मुनि तरुण सागर ने कहा कि गुरु की महिमा अनंत है, क्योंकि गुरु ही भक्त को ईश्वर तक पहुंचने का मार्ग बताता है। वे मंगलवार को कैंट के लार्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल में श्रद्धालुओं को दीक्षा दे रहे थे। गुरु मंत्र दीक्षा विशाल और पवित्र समारोह में लगभग 100 श्रावक-श्राविकाओं ने गुरु दीक्षा प्राप्त कर प्रतिज्ञा की कि वह आजीवन मांस व मदिरा का सेवन नहीं करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण से किया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों से आए भक्तों ने अपने अनुभव व उद्गार प्रकट किए।
श्री दिगंबर जैन सभा के प्रधान वीके जैन, एडवोकेट ने कहा कि मेरा जीवन जो इतना सहज है यह सब गुरु जी की कृपा से है।
उन्होंने आजीवन गुरु जी की बताई हुई शिक्षाओं का पालन करने का प्रण भी लिया। कार्यकारिणी समिति के महासचिव अशोक जैन ने कहा कि मुनि जी के दर्शन के लिए गए तो हमें उनके अंबाला प्रवास के लिए अनेक शंकाए थी। उन्होंने मुनि से उनके शीतकालीन समय यहीं व्यतीत करने का अनुरोध भी किया। जैन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्य उमा मलिक ने कहा कि यह अंबालावासियों का सौभाग्य है कि उन्हें गुरु जी की अमृत वर्षा से सरोबार होने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर मुनि ने अंबाला जैन गुरु परिवार की कार्यकारिणी का भी चुनाव किया। कार्यकारिणी में मंजू जैन को अध्यक्षा, मंत्री अनिता जैन, कोषाध्यक्ष अलका जैन, उपाध्यक्ष सुनीता जैन, सांस्कृतिक कार्यक्रम मंत्री प्रमोद जैन व दर्शन जैन, प्रवक्ता उमा जैन को चुना गया।