अंबाला। होली पर रंगों से सराबोर होने के लिए जिला पूरी तरह से तैयार है। ट्विनसिटी में आज जमकर गुलाल उड़ेगा। इसके साथ ही लोग एक दूसरे के गले मिलकर गिले-शिकवे दूर करेंगे।
रविवार को होलिका दहन पर बाजारों में जमकर रंगों और पिचकारियों की खरीदारी हुई। यहां तक कि अधिकतर एटीएम भी खाली नजर आए। उधर, हुड़दंगियों पर नजर रखने के लिए पुलिस तैयार है। शांतिपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने के लिए जिलाभर में करीब 40 जगह पर नाके लगेंगे।
एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने थाना और चौकी प्रभारियों को हुड़दंग मचाने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि चप्पे पर पुलिस तैनात रहेगी और नियमित तौर पर गश्त रहेगी। नशे में धुत होकर हुड़दंग करने वालों से पुलिस कड़ाई से निपटेगी। साथ ही सभी थाना प्रभारी को ऐसे बदमाशों की लिस्ट को अपडेट करने के निर्देश दिए हैं, जिससे कि उन पर आसानी से कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस दस्ता भी तैनात रहेगा। यातायात को व्यवस्थित रूप से चलाने के लिए मुख्य चौराहों पर विशेष पुलिस दस्ते तैनात रहेंगे। सभी पीसीआर और डायल 112 को निर्देश दिए गए हैं कि पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से जहां भी अव्यवस्था की सूचना प्राप्त होगी, तुरंत मौके पर जाकर स्थिति से निपटेंगे।
बाइक से पटाखों की आवाज निकाली तो होगी जब्त
एसपी ने कहा कि बाइक के साइलेंसर से पटाखों जैसी आवाज निकाले तो बाइक को तुरंत जब्त किया जाएगा। वहीं पर्व पर कुछ शरारती और आपराधिक तत्व या शराबियों द्वारा रंगों की आड़ में रंजिश निकालने की कोशिश करते हैं। इस प्रकार के शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। होली के दौरान स्पीड बाइकर्स पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नागरिक अस्पतालों अतिरिक्त स्टाफ की ड्यूटी
होली को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने भी अपनी कमर कस ली। सिविल सर्जन डॉ. राकेश सहल ने बताया कि नागरिक अस्पतालों में अतिरिक्त नर्सिंग ऑफिसर के अलावा डॉक्टरों की तैनाती की गई है। साथ ही बैंडों की व्यवस्था के अलावा दवाओं का भी पूरा स्टॉक है। इसके अलावा सभी डॉक्टर ऑन कॉल भी रहेंगे, जिससे कि कोई इमरजेंसी होती है तो उन्हें बुलाया जा सके।