अंबाला छावनी के एसडी कॉलेज में मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना के तहत मेले के दूसरे दिन निरीक्ष?
- फोटो : Ambala
उपायुक्त विक्रम सिंह ने एसडी कॉलेज में चल रहे मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना मेले का मंगलवार को दूसरे दिन निरीक्षण किया। उन्होंने यहां आए लाभार्थियों से बातचीत की व प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं के बारे में जाना। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि मेले के दौरान जो भी योग्य लाभार्थी पहुंच रहे हैं, उनका मार्गदर्शन करते हुए उनकी रुचि व क्षमता के अनुसार योजना का लाभ दिलवाते हुए उसकी आमदन को बढ़ाने का काम करना है।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को यह भी कहा की जो भी योग्य व्यक्ति योजनाओं के तहत ऋण के लिए भी आवेदन करता है, उसके सभी दस्तावेजों को निर्धारित मापदंडों के तहत पूरा करवाकर बैंक प्रतिनिधियों के पास पहुंचाना सुनिश्चित करें। 18 विभागों द्वारा यहां पर स्टॉल के माध्यम से उनके विभागों की जो भी योजनाएं है, उनकी पूरी जानकारी से संबंधी सूचना बोर्ड लगाए गए हैं।
इस दौरान बोह निवासी सतविंदर सिंह, नन्हेड़ा निवासी पम्मी, छावनी निवासी पूजा, न्यू दयाल बाग निवासी राजेंदर कौर और अन्य लाभार्थियों ने योजना के लिए प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया। इस मौके पर एसडीएम हितेष कुमार, एसडीएम नीशू सिंघल, डीआईओ विनय गुलाटी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विनोद कुमार, डीआईपीआरओ धर्मेंद्र कुमार व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।