अंबाला। किसान आंदोलन के कारण पंजाब से आने वाले रेलवे ट्रैक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शंभु बार्डर के पास रेलवे ट्रैक की निगरानी के लिए जीआरपी के 50 से अधिक कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है जोकि डीएसपी मुख्यालय की अध्यक्षता में मौके पर तैनात रहेंगे। इसके अलावा अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा पुख्ता की गई है।
रेलवे स्टेशन पर कमांडो दस्ते के साथ आरपीएफ की टीमों को भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में हालात से निपटा जा सके। इसके अलावा ट्रेनों के संचालन के संबंध में भी सतर्कता बरती जा रही है। पंजाब की तरफ से आने वाली ट्रेनों में भी सुरक्षा टीमों को तैनात किया गया है जो पल-पल की जानकारी उच्चाधिकारियों से साझा कर रहे हैं।
ट्रेन संचालन रहा दुरुस्त
पंजाब के शंभु बार्डर पर हुए किसान आंदोलन के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ। हालांकि ट्रेन के चालकों को विशेष निर्देश जारी किए थे कि अगर रेलवे ट्रैक पर किसान आदि नजर आएं तो वो ट्रेनों का संचालन न करें। हालांकि किसान रेलवे ट्रैक पर नहीं गए। इस कारण ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
पंजाब की तरफ कम भेजी बसें
हरियाणा रोडवेज अंबाला डिपो की रोजाना लगभग 30 से 35 बसों को पंजाब की तरफ भेजा जाता था, लेकिन किसान आंदोलन को देखते हुए शनिवार को 10 से 15 बसों को ही पंजाब की तरफ भेजा गया, हालांकि दूसरे डिपो और पीआरटीसी चंडीगढ़ की बसों का आवागमन सुचारु ढंग से होता रहा। पंजाब की तरफ भेजने वाली कुछ बसों को पुलिस सुरक्षा के तहत बार्डर पर तैनात किया गया था।