अंबाला। अमृतसर-नई दिल्ली स्वर्ण शताब्दी में शराब पीकर हंगामा कर रहे बीएसएफ के हेड कांस्टेबल को जीआरपी ने गिरफ्तार किया। मामला सोमवार रात लगभग 8.30 बजे का है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी गई है।
जांच अधिकारी एसआई राजकुमार ने बताया कि सोमवार रात वह स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। टीम में एसपीओ जसविंदर, चरणजीत सिंह व जसबीर सिंह जब स्टेशन पर मौजूद थे। रात करीब साढ़े 8 बजे थाने से मुंशी का फोन आया कि एक व्यक्ति ट्रेन नंबर 02030 अमृतसर-नई दिल्ली स्वर्ण शताब्दी में शराब पीकर साथी यात्रियों से गाली-गलौज कर रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ की तरफ से भी हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह व कांस्टेबल बलबीर सिंह मौके पर पहुंच गए। ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म 2 पर रुकी तो पूरी टीम कोच नंबर ई-1 में सवार हो गई। टीम जब सीट नंबर 37 पर पहुंची तो वहां एक यात्री शराब के नशे में यात्रियों से गाली-गलौज करते हुए उन्हें परेशान कर रहा था। इस दौरान ट्रेन में तैनात कोच इंचार्ज पीके बजाजा ने भी व्यक्ति द्वारा दुर्व्यवहार की जानकारी दी। जब सुरक्षा कर्मचारियों ने उसे समझाने की कोशिश की तो वह उनसे भी उलझ गया और गाली-गलौज करने लगा। ट्रेन के चलने से पहले ही आरोपी को नीचे उतार लिया। एसआई राजकुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी बलबीर चंद ने बताया कि वह बीएसफ 34 बटालियन में हेड कांस्टेबल के तौर पर तैनात है और गुरदासपुर पंजाब का रहने वाला है।