अंबाला। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय का नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल शाखा की जल्द सुविधाएं अंबाला में मिल सकेगी। लंबे समय बाद इस परियाेजना पर काम शुरू कर दिया है। इसके लिए 19 करोड़ रुपये का बजट भी केंद्रीय मंत्रालय की ओर से जारी किया है।
करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से इस केंद्र का अंबाला के नग्गल गांव में निर्माण कराया जाना है। कुछ समय पहले ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने दिल्ली से इस केंद्र का शिलान्यास किया था। अब इस परियोजना को लेकर ग्रांट आ गई है। इसके साथ ही जिस स्थान पर केंद्र बनाया जाना है वहां पर जलभराव की बड़ी समस्या है। इसको लेकर मिट्टी भरने का काम म्युनिसिपल कार्पोरेशन को करना था मगर लंबे कोई न कोई अड़चन आ रही थी। अब दोबारा से मिट्टी भराव का काम शुरू कर दिया गया है। गौरतलब है कि इस केंद्र के निर्माण का कार्य सेंट्रल पीडब्ल्यूडी द्वारा किया जा रहा है।
जमीन पहले ही की गई है स्थानांतरित
नग्गल गांव में एनसीडीसी की शाखा बनेगी और इसकी जमीन केंद्र सरकार को स्थानांतरित कर दी गई थी। शाखा में सभी गंभीर बीमारियों व वायरस के टेस्ट होंगे जोकि अस्पताल या आम प्रयोगशाला में नहीं हो पाते। यहां बीमारियों पर रिसर्च भी होगी। चार एकड़ में बन रही शाखा हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश सहित पांच राज्यों के लिए स्थापित की गई है। शाखा में रिसेप्शन, प्रतिक्षाकक्ष, लॉबी, कांफ्रेंस हॉल, कार्यालय, सुरक्षा कमरा, आईटी वीडियो कमरा, मुख्य अधिकारी का कमरा एवं अन्य प्रशासनिक कार्यालय होंगे। पहले तल पर सैंपल एकत्रीकरण एवं यूटीलिटी कमरा, प्रतिक्षालय, लॉबी के अलावा, जलवायु परिवर्तन कमरा, ईओसी कमरा, प्रशिक्षण का कमरा, आईडीएसपी, ईपीडीमिलॉजी स्टाफ कमरा, पैंट्री एवं अन्य कमरे होंगे। दूसरे तल पर लैब व अन्य उपकरण लगाए जाएंगे।