बराड़ा। बराड़ा-साढौरा मार्ग पर स्थित श्री गोबिन्द गोशाला में 17 नवंबर को गोपाष्टमी उत्सव पूरी श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर गोशाला समिति की ओर से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। गोशाला समिति के प्रधान राजेश सिंगला और उपप्रधान प्रमोद जैन ने बताया कि गत 15 नवंबर से चल रहे श्री रामायण पाठ का भोग सुबह 8 बजे डाला जाएगा। जबकि गोपूजन का समय सुबह 9 बजे से आरंभ होगा। इसके बाद संकीर्तन व प्रवचन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक कथा व्यास मोहित गोस्वामी एवं गौरव ठकराल की ओर से किए जाएंगे। इसके प्रांत भंडारे का आयोजन किया जाएगा। गोशाला समिति के पदाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए बराड़ा गांव, बराड़ा रेलवे स्टेशन, पंजाब नेशनल बैंक (रेलवे फाटक), जैन ज्वैलर्स व गोयल मार्केट से गोशाला प्रांगण तक आने-जाने के लिए नि:शुल्क बस सेवा की विशेष व्यवस्था की गई है।