अंबाला। एक मालगाड़ी बिना चालक और गार्ड के 75 किलोमीटर तक लगातार दौड़ती रही और वो भी दोहरे इंजन के साथ। यह घटना फिरोजपुर मंडल के अधीन कठुआ रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह लगभग सात बजे हुई। ढलान के कारण मालगाड़ी खुद-ब-खुद चल पड़ी और अचानक उसने इतनी गति पकड़ ली कि उसे बीच रास्ते रोकना नामुमकिन था, क्योंकि अगर मालगाड़ी को रोकते तो इसके पलटने का खतरा था।
मालगाड़ी में पत्थर आदि भरे हुए थे। मालगाड़ी के संचालन को लेकर रेलवे ने फिरोजपुर मंडल सहित अंबाला मंडल में अलर्ट जारी कर दिया और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों को तैनात कर दिया गया। इस दौरान रेल की रिलीफ टीम को भी सचेत रखा गया। वहीं बीच रास्ते की जो ट्रेनें उक्त मार्ग पर संचालित थी, उन्हें भी साइड की रेल लाइनों पर कर दिया गया। लगभग डेढ़ घंटे यानी 8.35 पर मालगाड़ी होशियारपुर के पास ऊंची बस्सी रेलवे स्टेशन पर ऊंचाई के कारण रुक गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने तुरंत प्रभाव से जांच बैठा दी है।
वहीं फिरोजपुर मंडल के प्रबंधक ने भी उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दे दिए हैं। वहीं प्राथमिक जानकारी के तहत कुछ कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की तलवार लटक गई है, उन्हें निलंबित करने की कार्रवाई भी चल रही है। इसमें मालगाड़ी के चालक, सह चालक व गार्ड सहित स्टेशन मास्टर पर कार्रवाई हो सकती है। हालांकि इस संबंध में फिरोजपुर मंडल के रेल प्रबंधक संजय साहू से संपर्क करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।
वर्जन
मालगाड़ी को लेकर जानकारी मिली थी। अंबाला मंडल के अधीन आने वाले रेलवे स्टेशनों पर सतर्कता को बढ़ाया गया था ताकि कोई दुर्घटना न हो। लेकिन कुछ देर बाद रिपोर्ट मिली कि मालगाड़ी को रोक दिया है। इस मामले की जांच फिरोजपुर मंडल के अधिकारी ही कर रहे हैं।
मंदीप सिंह भाटिया, डीआरएम अंबाला।