अंबाला छावनी के जीएमएन कॉलेज को मिला सम्मान पत्र। प्रवक्ता
अंबाला। गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज को शिक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित प्राइड ऑफ नेशन अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रामलाल, अध्यक्ष नैक एवं एनबीए अनिल सहस्रबुद्धे तथा अध्यक्ष अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद एआईसीटीई प्रो. (डॉ.) टीजी सीतार की उपस्थिति रही। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने कहा कि यह सम्मान जीएमएन कॉलेज के राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयासों की सशक्त पहचान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्थान का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार, जागरूक और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने योग्य नागरिक बनाना है।