संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कांवला गांव के पास जंगल में लिफ्ट देने के बहाने दो बाइक सवार झांसी निवासी सूरज पाल से मोबाइल, नकदी व जरूरी दस्तावेज छीनकर भाग गए। बदमाशों ने बाइक को अंधेरे में रोकने के बाद युवक को झाड़ियों में धक्का दे दिया। पीड़ित बरवाला से अपने घर उत्तर प्रदेश के झांसी जाने के लिए निकला था।
नारायणगढ़ थाना पुलिस ने छीनाझपटी की धारा 304 के तहत अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। झांसी के मऊरानीपुर गांव निवासी सूरज पाल ने बताया कि वह पंचकूला, बरवाला में मशीन चलाने का काम करता है। रविवार सुबह 8:00 बजे वह घर जाने के लिए बरवाला से बस में बैठकर अंबाला कैंट पुल के नीचे उतरा था। तभी युवकों ने आगे तक छोड़ने की बात बोलकर बैठा लिया था। पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है।