बराड़ा। बराड़ा के दहियामाजरा गांव में श्री गुरु रविदास महाराज के मंदिर की पहली मंजिल के निर्माण कार्य का शुभारंभ डेरा बाबा लालदास कपालमोचन के संत निर्मलदास की अरदास के साथ शुरू हुआ।
कार्यक्रम में पहुंचने पर मंदिर कमेटी के प्रधान संदीप कुमार, सदस्य व अन्य मौजिज लोगों द्वारा संतजनों का फूलमालाओं के साथ स्वागत किया गया। प्रधान संदीप कुमार ने बताया कि मंदिर के भूतल में पहले ही पूजा पाठ हो रहा है, लेकिन अब मंदिर को भव्य बनाने के लिए पहली, दूसरी और तीसरी मंदिर तक निर्माण किया जाएगा।
संत निर्मलदास ने आयोजकों को बधाई देते हुए संदेश दिया कि खुद भी नशे से बचें और अपने बच्चों को भी नशे से बचाकर उन्हें ज्यादा से ज्यादा पढ़ाएं। जो खर्च आप नशे पर करते हैं उसे अपने बच्चों की पढ़ाई पर करें। उन्होंने कहा कि संत किसी चीज के भूखे नहीं होते, संतों का काम गुरुओं की वाणी का प्रचार करना है।
इसलिए श्री गुरु रविदास जी महाराज की सच्ची भक्ति उनकी वाणी का अनुसरण करना है। आप गुरु रविदास जी वाणी को पढ़ें, उसे समझें और जीवन में अपनाएं। नामदान की दीक्षा लेकर गुरुवाणी से जुडे़। सत्संग में बिंदर दादपुर के जत्थे ने गुरु रविदास महाराज के भजनों से संगत को निहाल किया। इस अवसर पर कहा कि प्रधान नीरज कुमार, रोहताश कुमार, सलिन्द्र, सुदेश, जगीर सिंह, संजीव कुमार, पूर्ण सिंह नाहरा, विकास कुमार, जितेन्द्र कुमार, जसविन्द्र, राजबीर और रूपलाल मौजूद रहे।