छावनी के एक्सिस बैंक में काम करती थी युवती
जहरीला पदार्थ गटकने के कारणों का खुलासा नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर सोमवार दोपहर के समय एक युवती बेसुध हालत में मिली। यात्रियों से सूचना मिलने के बाद आरपीएफ मौके पर पहुंची और युवती को तुरंत उपचार के लिए छावनी नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी मौत हो गई।
मृतक युवती की पहचान जींद के नरवाना की सीआईए स्टाफ वाली गली निवासी 30 वर्षीय नीलम के रूप में हुई है। जो पिछले तीन साल से अंबाला छावनी के कैपिटल चौक के पास पीजी में रहती थी। अस्पताल स्टाफ की मानें तो युवती अस्पताल में पहले तो सल्फास की गोलियां खाने की बात कह रही थी और देखते ही देखते उसने दम तोड़ दिया।
जीआरपी के एएसआई अजय कुमार का कहना है कि उनके पास मृत होने की सूचना मिली थी। कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है और न ही मौत के कारणों का पता चल पाया है। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं, परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने बताया कि नीलम अंबाला कैंट के एक्सिस बैंक की ब्रांच में क्रेडिट कार्ड बनवाने की नौकरी करती थी।
दोपहर के समय नीलम की अपने परिजनों से बात हुई थी। परिजन भी हैरान है कि आखिर वह कैसे रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई और कब जहरीला पदार्थ गटक लिया।