अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में बच्चे को पोलिया की दवा पिलातीं एसडीएम कनिका गोयल। प्रवक्ता
अंबाला। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन व स्वास्थ्य विभाग हरियाणा के तत्वावधान में रविवार को कैंट के नागरिक अस्पताल में जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि एसडीएम कनिका गोयल ने नन्हे बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर तीन दिवसीय अभियान की शुरुआत की। इससे पूर्व पीएमओ डॉ. पूजा पेंटल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंचों की मौजूदगी में बूथ शुरू किए गए। एसडीएम ने कहा कि पोलियो से बचाव का एकमात्र प्रभावी उपाय समय पर दवा लेना है। अभिभावक शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को यह खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने बताया कि उपायुक्त सचिन गुप्ता के मार्गदर्शन में 22 से 24 नवंबर तक अभियान चलेगा। पहले दिन बूथों पर दवा पिलाई गई, जबकि 23 व 24 नवंबर को स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को कवर करेंगी। कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जश्नप्रीत सिंह व चिकित्सा अधिकारी डॉ. चित्रा शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।