फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छात्राएं बोलीं, हमें सुरक्षा दिलवाइए, वरना छोड़ देंगे पढ़ाई

Sat, 16 Jul 2016 01:00 AM IST
अमर उजाला/ब्यूरो/अंबाला
विज्ञापन
दुष्कर्म
विज्ञापन
अंबाला सिटी में एक बार फिर शर्मनाक घटना ने बेटियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। वीरवार को जहां सिटी के एक स्कूल की छात्राओं को चलते ऑटो के परदे गिराकर उनके साथ अश्लील छेड़छाड़ की गई, वहीं शुक्रवार को फिर से स्कूली बच्चियों से छेड़छाड़ की घटना हुई। इस घटना से संबंधित स्कूल की बच्चियां कई दिनों से परेशान थीं।
विज्ञापन


लेकिन अब इन बच्चियों ने अपना दर्द स्कूली प्राचार्य के समक्ष रखते हुए साफ कह दिया है कि 'सर, या तो हमें सुरक्षा दिलवाइए वरना हम पढ़ाई छोड़ देंगी’। स्कूली बच्चियों के अभिभावकों ने भी प्राचार्य पर स्कूली छात्राओं को सुरक्षा दिलवाए जाने का दबाव बनाया  है। 
इसे देखते हुए अंतत: स्कूल प्राचार्य ने बच्चियों की शिकायत पर अपनी नोटिंग चढ़ाते हुए अपने स्टाफ व कुछेक बच्चियों के अभिभावकों को हरियाणा पुलिस के एडीजीपी व अंबाला पुलिस कमिश्नर डॉ. आरसी मिश्रा के कार्यालय में भेज दिया। लेकिन एक कार्यक्रम में व्यस्त होने की वजह से स्कूल स्टाफ ने बच्चियों की ये शिकायत पत्र कमिश्नर कार्यालय में संबंधित स्टाफ को सौंप दिया।
विज्ञापन


पांच बेटियों का इस तरह झलका दर्द
हालांकि स्कूल से बाहर असामाजिक व मनचले लड़कों की हरकतों, अश्लील बातों व इशारों से कई बच्चियां बहुत दुखी हैं, लेकिन पांच बेटियों ने अब हिम्मत जुटाकर इन ज्यादतियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अपने स्कूल प्राचार्य को दी शिकायत में कहा है कि 'निवेदन है सर, हम स्कूल की ग्यारहवीं कक्षा की छात्राएं हैं, हमें स्कूल के बाहर कुछ लड़के स्कूल के आने के पहले दिन से ही तंग कर रहे हैं। छुट्टी के बाद वे लड़के हमारा घर तक पीछा करते हैं और टिप्पणियां करते हैं। उन्हें कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। समाज सेवी संस्था धर्म सेना संस्था के हर्ष कुमार को भी उनके बारे में बताया। इस पर उन्होंने अपने सदस्यों के साथ कुछ लड़कों को आठ जुलाई को पकड़ा और पुलिस चौकी ले गए। वहां लड़कों के घर वालों को भी बुलवाया गया , लेकिन घरवालों की ओर से माफी मांगने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। उन्होंने फिर से स्कूल के बाहर आना शुरू कर दिया है और वीरवार को तो उन्होंने उन्हें बहुत डराया और बुरी तरह धमकाया और कहा जाओ अब तुम फिर से अपने भाइयों को बुला लाओ, अब हम उन्हें देख लेंगे। सर, आपसे विनती है कि इन लड़कों के खिलाफ कार्रवाई करवाई जाए और उनसे बचाया जाए नहीं तो मजबूरन अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ेगी’।

कई बार की शिकायतें, कुछ भी नहीं हुआ
मैं बहुत आहत हूं कि आज बच्चियों ने सुरक्षित न होने की वजह से स्कूल व पढ़ाई छोड़ने की बात कही है। पुलिस चौकी में इन मनचलों की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कुछ ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आठ जुलाई को समाज सेवी संस्था ने भी उनके संज्ञान में छेड़छाड़ की घटना लाकर बच्चियों की मदद की थी, लेकिन मनचलों पर पुलिस की चेतावनी का भी असर नहीं पड़ा, अब फिर उन्होंने बच्चियों से छेड़छाड़ की। पुलिस कमिश्नर के पास स्टाफ भेजकर बच्चियों की शिकायत उन तक पहुंचाई है।
- अनिल शर्मा, प्राचार्य, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, प्रेमनगर

बच्चियां पढ़ाई छोड़ दें, ये कैसे बरदाश्त कर लेंगे
बच्चियों की पढ़ाई मनचलों की वजह से छूट जाएगी, ऐसा पुलिस कैसे बरदाश्त कर सकती है। शिकायत आ गई है। अब काम पुलिस का है। बच्चियां बेफिक्र रहें। मनचलों से अब पुलिस निपटेगी। इस मामले को मैं स्वयं देखूंगा और मनचलों के खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी। मेरा बच्चियों से आग्रह है कि इस तरह की ईव टीजिंग की घटनाओं से उन्हें बिल्कुल भी डरना नहीं है और न ही दबना है, बच्चियां को बिना डरे  अपने पेरेंट्स या सीधे 100 नंबर पर फोन कर इस तरह की घटनाओं से अवगत करवाना है, पुलिस तुरंत उनकी सुरक्षा को हाजिर होगी। इस मामले में मैं निचले अफसरों से रिपोर्ट लूंगा।
- डॉ. आरसी मिश्रा, एडीजीपी एवं अंबाला-पंचकूला पुलिस कमिश्नर

पुलिस दिखाए सख्ती, छुट्टी के वक्त करे गश्त
ईव टीजिंग की घटनाएं बहुत ज्यादा बढ़ गई हैं। बच्चियां मनचलों की इस तरह की हरकतों से बहुत परेशान हैं। बच्चियों को जागरूक होना होगा, ऐसे मनचलों से डरकर नहीं रहना है। पुलिस भी बच्चियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाए।
-डॉ. किरण आंगरा, प्राचार्य, एमडीएसडी गर्ल्स कॉलेज, सिटी

छुट्टी के वक्त स्कूलों व कालेजों के बाहर यदि पुलिस की सिर्फ गश्त मात्र भी नियमित हो जाए, तो किसी मनचले की हिम्मत नहीं होगी कि वे किसी बच्ची को छेड़ दे। इसलिए पुलिस बच्चियों की सुरक्षा के लिए इस तरह की गश्त को अपना रूटीन बनाएं।
-डॉ. नीना बेदी, प्राचार्य, आर्य गर्ल्स कॉलेज, कैंट

बच्चियां ईव टीजिंग की कई बार शिकायतें लेकर आती हैं, उस वक्त बहुत पीड़ा होती है। मनचलों की बदतमीजियां बहुत ज्यादा बढ़ गई है। खुद कई बार कम उम्र की महिला शिक्षिकों को भी इस तरह की घटनाओं का सामना करना पड़ जाता है। पुलिस से आग्रह है कि स्कूलों व कालेजों के बाहर कम से कम छुट्टी के दौरान जरूर गश्त करें।
-मीनू, शिक्षिका, एसडी कन्या विद्यालय, कैंट

जब तक पुलिस सख्त नहीं होगी, तब तक ईव टीजिंग खत्म हो ही नहीं सकती। पुलिस जितनी मर्जी बार मनचलों को पकड़कर चेतावनी देती रहे। जब तक पुलिस रोजाना गश्त के दौरान ऐसे मनचलों पर सख्ती नहीं करेगी, तब तक ये घटनाएं नहीं रूकेंगी। बच्चियां आज इससे बहुत डरी हुई है।
- निर्मल शुक्ला, समाज सेविका
---

आज बेटियों को भी सशक्त बनाने की जरूरत है। जिन अभिभावकों की बेटियां है और पढ़ाई व जॉब के लिए घर से बाहर जाती है, वे उन्हे मानसिक रूप से ऐसे मनचलों से निपटने के लिए सशक्त बनाएं। कोई उन्हें छेड़ता है तो ऐसे मनचलों को पब्लिक के बीच सड़क पर शोर मचाकर उन्हें पकड़ें और पुलिस के हवाले करवाएं। बेटियां इनके खिलाफ आवाज बुलंद करें, पब्लिक भी उनका पूरा साथ देगी।
- डिंपल शर्मा, समाज सेविका

बच्चियों से ऑटो में छेड़छाड़ करने वाले जेल पहुंचे
अंबाला सिटी। चलते ऑटो में बच्चियों से छेड़छाड़ करने वाले मामले में पुलिस ने दो आरोपी युवकों पुनीत व हरबंस को काबू कर लिया है। उन पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। वहां से उन्हें अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उल्लेखनीय है कि वीरवार को स्कूल से छुट्टी कर ऑटो में अपने घर लौट रही स्कूली छात्राओं के साथ आरोपी ने छेड़छाड़ की। जब बच्चियां चिल्लाने लगीं तो आरोपी ने ऑटो के दोनों ओर के परदे ही गिरा दिए और बच्चियों से छेड़छाड़ जारी रखी। उसके बाद वे बच्चियों को  उतारकर फरार हो गए। लेकिन परिजनों व नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन हरीश सासन के विरोध के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।

दुराचार का आरोपी अभी भी फरार
नारायणगढ़। नारायणगढ़ इलाके में नाबालिग से शादी का झांसा देकर उससे लगातार दुराचार करने वाला व उसे पीटकर घायल करने वाला आरोपी युवक व उसके मां-बाप दोनों अभी फरार हैं। युवती की शिकायत पर इलाका पुलिस ने आरोपी व उसके अभिभावकों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता का कहना था कि युवक ने उसके साथ शादी करने का पक्का वायदा कर बहलाया-फुसलाया और उसके साथ अनैतिक संबंध बनाए। लेकिन जब उसने अब शादी के लिए उस पर दबाव डाला तो उसने उसकी बुरी तरह पिटाई की। बाद में उसके पिता व माता ने भी उसे आकर जुबान खोलने पर बुरा करने की धमकी देकर  बुरी तरह डराया, लेकिन उसने उनकी शिकायत पुलिस को दे दी। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें