संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कनाडा भेजने के नाम पर युवती से 32 लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी हो गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि एजेंट ने रुपये लेने के बावजूद उसे न तो विदेश भेजा और न ही रुपये वापस किए। पंजोखरा पुलिस ने युवती महक की शिकायत पर मधु, संजय, एजेंट कोमल, राजेश, योगेश, राजीव व साहिल पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में नारायणगढ़ के खानपुर ब्राह्मण गांव निवासी महक ने बताया कि विदेश जाने के लिए साल 2022 में मधु व उसके पति संजय ने खेड़ी गांव निवासी कोमल एजेंट के बारे में बताया था। बताया था कि वह विदेश का काम गारंटी के साथ करवाती है। ऐसे में 35 लाख रुपये में विदेश भेजने की बात हुई थी।
एजेंट के पिता राजेश कुमार व एक अन्य आदमी पैसे लेने के लिए घर आया तो संजय के कहने पर उसने 8 लाख रुपये की नगदी 6 नवंबर 2022 को दे दी। फिर दोबारा एजेंट के कहने पर 7 नवंबर को 5 लाख रुपये उसके खाते में डाल दिए। 29 नवंबर को एक बार फिर तीन लाख रुपये डलवाए। इस तरह से 16 लाख रुपये लेने पर पूरा विश्वास दिलवाया कि वो उसे विदेश भेज देंगे।
24 मई 2023 को उसने वीजा अप्रूव्ड होने का पत्र भेजा और फिर से रुपये मांगे। 26 मई को 2 लाख 50 हजार रुपये व 3 लाख रुपये, 26 मई को 5 लाख रुपये। इस तरह से उसने कुल 32 लाख 70 हजार रुपये दे दिए थे। बाद में फिर उसे चंडीगढ़ बुलाया और वीजा दिखाकर वापस रख लिया। 21 अगस्त 2023 को टिकट करवाकर दी लेकिन कॉलेज बंद होने की बात बोलकर टिकट रद्द करवा दी। उसे बताया गया कि अभी कनाडा की सभी यूनिर्वसिटी बंद हैं और वहां नहीं जा सके। इस तरह से आरोपी ने उनसे धोखाधड़ी की।