अंबाला। अंबाला-जगाधरी हाईवे वीरवार रात 12 बजे एक जेसीबी से लदा ट्राॅला अनियंत्रित होकर गीता गोपाल चौक से टकरा गया। चालक रामनाथ को मामूली चोट आई। हादसे में ट्रॉला व चौक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। देखते ही देखते हाईवे का यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया।
पुलिस में मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से ट्राॅले को किनारे कर यातायात को दुरुस्त कराया। चालक रामनाथ ने बताया कि वीरवार को ट्राॅले पर जेसीबी लोड कर बिहटा से खतौली गांव जा रहा था, जैसे ही वह गीता गोपाल चौक की ट्रैफिक लाइटों पर पहुंचा तो अचानक एक कार व अन्य वाहन ओवरटेक करने लगे। उन्हें बचाने के लिए वह अनियंत्रित होकर चौक से टकरा गया था। टक्कर लगने के बाद राहगीरों का जमावड़ा लग गया, जिन्होंने ट्राॅला चालक को बाहर निकाला। गनीमत रही कि रात के समय कोहरा नहीं था, वरना ट्राॅले के कारण ओर भी वाहन आपस में टकरा सकते थे। उधर, ट्राॅला चालक से क्षतिग्रस्त हुए गीता गोपाल चौक को दोबारा दुरुस्त करवाने की बात पर सहमति बनी है।