संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। फर्जी दस्तावेज तैयार कर चोरी और ठगी की गाड़ियां बेचने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। नग्गल थाना पुलिस ने त्वरित और वैज्ञानिक अनुसंधान के बल पर गिरोह के मुख्य सरगना तरनतारन पंजाब के बैंका गांव निवासी गुरविंदर सिंह को उसके गांव से ही गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से तीन गाड़ियां बरामद की हैं। पुलिस रिकॉर्ड में पता चला कि आरोपी गुरविंदर सिंह पर दिल्ली में भी वाहन चोरी व चेसिस नंबर से छेड़छाड़ के कई मामले दर्ज हैं। जांच अधिकारी एएसआई सोनू कुमार ने बताया कि मामला 22 मई 2025 का है, जब सिटी के बकनोर गांव निवासी मंजीत सिंह ने थाना नग्गल में ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़ित ने आरोप लगाया था कि नितिन कुमार और उसके साथियों ने सो जाली कागजात तैयार किए और उन्हें पंजाब नंबर की एक गाड़ी बेचकर लाखों की ठगी की। शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की और कार्रवाई करते हुए पहले बराड़ा के सिंभला गांव निवासी आरोपी नितिन कुमार को गिरफ्तार किया था।
गिरोह के अन्य तार खंगाल रही पुलिस
जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी गुरविंदर सिंह को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस उनका कहना है कि गिरोह से अब तक तीन गाड़ियां बरामद की जा चुकी हैं। नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और चोरी की अन्य गाड़ियों का पता लगाने के लिए मामले में गहन जांच जारी है।