बराड़ा से केसरी रेलवे स्टेशन के बीच अप लाइन पर शुक्रवार देर रात दो दोस्ताें ने ट्रेन के नीचे आकर जान दे दी।
दोनों दोस्त रेलवे ट्रेक पर अपनी गर्दन रखकर लेट गए और ट्रेन ने दोनों की गर्दन धड़ से अलग कर दी। जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शवों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दावा किया है कि दोनों दोस्त किसी बात को लेकर खासे परेशान थे, इसीलिए उन्होंने अपनी जान दे दी है।
जीआरपी पुलिस के एएसआई परमजीत व एएसआई रामबचन से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात केसरी स्टेशन मास्टर ने बताया कि बराड़ा से केसरी रेलवे स्टेशन के बीच अप लाइन पर दो युवकाें के शव पडे़ हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंची तो देखा कि रेलवे लाइन के बीच दो युवक एक-दूसरे का हाथ थाम कर मृत पडे़ थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
एक मृतक युुवक की जेब से 182 रुपये व दूसरे की जेब 1390 रुपये, मोबाइल व पहचान पत्र मिला जिसमें युवक की पहचान मूलरूप से बिहार के भागलपुर निवासी बिहारी तांती के रूप में हुई जबकि दूसरे युवक की पहचान मूलरूप से बिहार के सीतामढ़ी निवासी सरोज के रूप में हुई। दोनों युवक बराड़ा की जनता कालोनी में रहते थे और सफेदी करने का काम करते थे। बिहारी तांती से मिले मोबाइल से परिजन को सूचना दी। शनिवार को पुलिस ने शवों को परिजनों को सौंप दिया।
एक और शव मिला
उधर, शनिवार सुबह के समय उसी जगह से कुछ ही दूरी पर एक और शव मिलने की सूचना मिला। जांच अधिकारी धर्मबीर जीआरपी अंबाला मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि शायद चलती ट्रेन से गिरने से यह मौत हुई है। खबर लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो पाई थी।