सेना की दि मद्रास रेजिमेंट में ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के नाम पर कई सैनिकों से धोखाधड़ी हो गई। मामला उजागर होने के बाद अब रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत कुमार सिंह ने एसपी को इसकी शिकायत दी है। शुरूआती जांच के बाद अब पुलिस ने एक शख्स के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत कुमार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी ही कंपनी के सीएचएम कामेश्वरा राव ने एक शिकायत देकर उसे बताया था कि राजेश नाम के शख्स ने उसे आरटीओ ऑफिस से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का लालच दिया था। इसी लालच में वह उससे 2200 रुपये भी ले गया। पैसे लेने के बाद उसने एक महीने में लाइसेंस बनवाकर देने की बात कही थी। मगर चार महीने बाद भी उसने कोई रिस्पांस नहीं दिया। अब उसके मोबाइल पर संपर्क करने से बात नहीं हो पा रही है। राव ने कहा था कि उसकी तरह ही यूनिट के कई दूसरे जवानों ने भी लाइसेंस के लिए राजेश को पैसे दिए हैं। उस पर सेना की ही कई दूसरी यूनिट्स के जवानों के साथ ऐसे ही ठगी करने का आरोप है। मामले की गंभीरता के बाद सेना अधिकारियों ने एसपी से पूरे मामले की जांच करने का आग्रह किया था। इसी आधार पर अब कैंट पुलिस ने पहले राजेश के खिलाफ ठगी का केस दर्ज किया है। पूछताछ के बाद ही ठगी की कई वारदातों का खुलासा होने की बात कही जा रही है।