अंबाला। चार दिन के भीतर एक रिटायर्ड कर्मचारी के बैंक खाते से 86 हजार रुपये साफ हो गए। हैरत की बात है कि महिला कर्मचारी ने न तो कभी अपने एटीएम कार्ड का कोर्ड नंबर किसी से डिसकस किया। न ही उसकी कोई दूसरी जानकारी दी। महिला का आरोप है कि आरोपी ने 26 से 30 अगस्त के भीतर उसके खाते से ये रकम साफ की है। अब पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। अभी तक आरोपी का सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस को दी शिकायत में महेशनगर के राजापार्क की रहने वाली गायत्री देवी शर्मा ने बताया कि वह रिटायर्ड कर्मचारी है। पेंशन से उसका गुजारा चलता है। उसने बताया कि 26 से 30 अगस्त के बीच लगातार उसके खाते से किसी ने 86 हजार रुपये निकाल दिए। फोन पर आए मैसेज के जरिए ही उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। गायत्री की शिकायत पर अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।