ओलेक्स पर कार को पसंद कर उसे खरीदना थंबड़ निवासी को महंगा पड़ गया। न कार मिली और न पैसा। उल्टा पैसे मांगने के लिए लगातार फोन करने पर जान से मारने की धमकी मिल गई। युवक ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थंबड़ निवासी जल सिंह के बेटे राजदीप सिंह ने बताया कि उसने अपने मोबाइल फोन पर ओलेक्स पर एक वरना कार देखी। उसने वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर बात की। उसकी बात हिमांशु वर्मा नामक व्यक्ति से हुई। उसने कार की आरसी का फोटो भेज दिया। इसके बाद कीमत भी तय हो गई। दोनों की बातें व्हाट्सअप पर होती रही। हिमांशु ने राजदीप को एक नया व्हाट्सअप नंबर दिया और कहा यह सुशील कुमार का नंबर है। इसमें वह 6,310 रुपए डाल दें। राजदीप सिंह ने हिमांशु द्वारा बताए गए खाते में पैसे डाल दिए। फिर उसने मुझे व्हाट्सअप पर कार एंड बाइक ट्रांसपोर्ट सर्विस की एक स्लिप भेजी और बोला कि आपके पास कार 8 जनवरी 2020 को पहुंच जाएगी। इस समय आपकी कार नरवाना पहुंच गई है। इस तरह बार-बार वह पेटीएम नंबर देकर पैसे मंगवाता रहा। इस दौरान उसने अलग-अलग खातों में पैसे मंगवाए। इसके बाद हिमांशु ने कहा कि कार के पूरे पैसे 1,90,000 रुपये जमा कराने पड़ेंगे। इसके बाद ही उसे कार मिलेगी। राजदीप सिंह ने बताया कि उसने कार की निर्धारित कीमत से भी ज्यादा पैसे दे दिए। कार की कीमत 2,10,000 रुपये तय हुई थी। जबकि उससे 2 लाख 15 हजार रुपये लिए। आरोपी न कार दे रहा है न रुपये।