अंबाला। रेलवे में टिकट कलेक्टर लगवाने के नाम पर चार युवकों से एक लाख दस हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चारों पीड़ित आपस में रिश्तेदार हैं। थाना छावनी पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
शिकायत में गौरव कुमार ने बताया कि वह सूर्या कॉलोनी सुलतानपुर गांव नजदीक हिलिगं टच अस्पताल अंबाला-चंडीगढ़ रोड का निवासी है। वह 12वीं पास करने के बाद से बेरोजगार है। करीब छह महीने पहले उसकी मुलाकात नैब सिंह निवासी खटौली जिला पंचकूला के साथ नागरिक अस्पताल के पास हुई। वहां उसकी मासी रहती है। उसने नैब सिंह को बताया कि वह बेरोजगार है और उसे नौकरी चाहिए। इस पर नैब सिंह ने बताया कि उसके पास एक व्यक्ति है जो रुपये लेकर नौकरी लगवाता है। उसे नौकरी लगना है तो एक लाख 50 हजार रुपये देने पडे़ंगे। इसके बाद नैब सिंह ने उसके साथ मोबाइल पर लवदीप निवासी बब्याल से नौकरी लगवाने के लिए बातचीत करवाई। कुछ समय बाद नैब सिंह ने बताया कि 11 अगस्त को रेलवे विभाग में टिकट कलेक्टर की पोस्ट पर नौकरी लग जाएगी।
गौरव ने बताया कि उसने अपनी रिश्तेदारों से इस बारे में बात की। इसके बाद वह, प्रवेश कुमार निवासी मिल्कसुखी, विनोद कुमार निवासी जड़ौदा जगाधरी, अभिषेक निवासी गांव-पाबनी खुर्द जिला यमुनानगर के साथ 31 जुलाई को नागरिक अस्पताल छावनी के पास चाय के खोका पर नैब सिह व लवदीप सिंह के पास आए। वहां पर उसने 30 हजार रुपये गूगल पे से नैब सिंह के खाते में ट्रांसफर कर दिए। वहीं प्रवेश कुमार ने 20 हजार रुपये गूगल पे से और 10 हजार रुपये नकद नैब सिंह को दिए। विनोद कुमार ने 10 हजार रुपये नकद, अभिषेक ने गूगल पे अकाउंट से 19 हजार रुपये और 21 हजार रुपये नकद नैब सिंह को दिए। इस दौरान सभी ने एक लाख 10 हजार रुपये नैब सिंह व लवदीप सिंह को नौकरी लगवाने के नाम पर दिए।
नियुक्ति पत्र मांगने पर किया टालमटोल तो हुआ खुलासा
गौरव ने बताया कि 10वीं, 12वीं व आधार कार्ड की फोटो कापियां नैब सिंह व लवप्रीत सिंह को दे दी थी। बाकी बचे हुए रुपये नौकरी लगने के बाद देने के बारे में बात हुई। इसके बाद 11 अगस्त को नैब सिंह व लवदीप सिंह को कहा कि हमें नियुक्ति पत्र दो। इस पर दोनों आरोपियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और टालमटोल करने लगे। सभी इकट्ठा होकर नैब सिंह को साथ लेकर लवदीप सिंह के घर बब्याल गए तो वहां पर उसके माता-पिता ने बताया कि उसने उन्हें बेदखल कर रखा है। हमारे यहां आने की जरूरत नहीं। लवदीप ने कहा कि ज्यादा तंग या परेशान किया तो मैं तुम्हें जान से मार दूंगा। आरोप है कि नैब सिंह व लवदीप सिह शुरू से ही हमें पैसे ऐंठने के नाम पर धोखा दे रहे थे। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।