मुलाना। कनाडा भेजने का सपना दिखाकर आरोपी युवक ने मामा-भांजे से 21 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर डाली। पीड़ितों ने एसपी को शिकायत सौंपी थी। जिसके निर्देशानुसार मुलाना पुलिस ने आरोपी सुखविंद्र सिंह उर्फ विनय कुमार उर्फ राम कृष्ण सीआईसी कंसल्टेंसी अप्रूव्ड के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में नवनीत सिंह निवासी बलाना ने बताया कि दोसड़का में रहने वाले उसके मामा चरण सिंह के दोस्त ने उन्हें सुखविंदर सिंह का नंबर दिया। बात करने पर आरोपी ने उन्हें पुर्तगाल से कनाडा भिजवाने की बात कही। इसके बाद दोनों लुधियाना में आरोपी के कार्यालय पहुंचे। आरोपी सुखविंद्र ने 26 अक्तूबर 2020 को चरण सिंह का पासपोर्ट, स्कूल प्रमाणपत्र व अन्य कागजातों की फोटो कॉपी ले ली। शिकायत के अनुसार, एक नवंबर 2020 को आरोपी ने चरण सिंह को मेडिकल करवाने के लिए बुलाया। पांच नवंबर 2020 को आरोपी ने काम शुरू होने की बात कहकर 30 हजार रुपये बैंक खाता में मंगवाए।
फ्लाइट बंद होने के कारण टिकट रद्द होने की बात कही
शिकायत के अनुसार 23 दिसंबर 2020 को आरोपी सुखविंद्र सिंह ने नवनीत की ईमेल पर चरण सिंह का पुर्तगाल का वीजा लगने का मैसेज किया। आरोपी ने दो जनवरी 2021 को पासपोर्ट पर लगा वीजा दिखाया और सात लाख रुपये देने की बात कही। नवनीत ने थोड़े-थोड़े कर आरोपी के खाते में सात लाख रुपये डाल दिए। नवनीत ने बताया कि पुर्तगाल का वीजा लगने के बाद आरोपी ने बकाया राशि एक साथ मांगी। आरोपी सुखविंद्र ने पीड़ितों को 16 अप्रैल 2021 की पुर्तगाल की टिकट थमाई, लेकिन आरोपी ने फ्लाइट बंद होने के कारण टिकट रद्द होने की बात कही। आरोपी ने चरण सिंह को सीधे कनाडा भेजने की बात कहकर कनाडा एंबेसी का अप्वाइंटमेंट लेटर दिया। इसके बाद पीड़ित ने अपने 21 लाख 50 हजार रुपये वापस देने की बात कही जो आरोपी ने नहीं लौटाए।