एमबीबीएस में एडमिशन के नाम पर ठगी करने के मामले में पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में यूपी के तीन जिलों में छापामारी कर रही है। पुलिस टीमें नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर में दबिश दे रही हैं। पुलिस इस केस में मास्टरमाइंड सहित दो आरोपियों को काबू कर छह लाख की रिकवरी कर चुकी है।
मालूम हो कि बॉबी सक्सेना उर्फ बिमल निवासी विवेक विहार दिल्ली ने देहरादून में शाहाबाद के एक युवक सतीश को गुरु नानक इंस्टीट्यूट मेडिकल कालेज में एमबीबीएस में एडमिशन दिलाने का वादा किया था। सतीश व बॉबी के बीच 19 लाख रुपये की डील हुई थी।
सतीश ने पहली किस्त के तौर पर करीब पांच लाख रुपये दिए। बाकी पेमेंट देहरादून में संस्थान के बाहर दी गई। पैसे लेने के बाद आरोपी बॉबी सक्सेना लापता हो गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में पुलिस की टीम यूपी के तीन जिलों की खाक छान रही हैं। यह टीमें नोएडा, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद में दबिश देकर तीसरे आरोपी को काबू करने की कोशिश कर रही हैं।