फ्रांस की राष्ट्रीय रेलवे (एसएनसीएफ) टीम ने मिशेल की अध्यक्षता में बुधवार को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन यार्ड में सिग्नल प्रणाली का जायजा लिया। इस विशेष टीम ने करीबन आठ फ्रांसीसी शामिल थे, जिन्होंने चंडीगढ़ से दिल्ली ट्रैक पर हाईस्पीड ट्रेनें चलाने के लिए रेलवे यार्ड के पॉवर केबिन समेत रेलवे ट्रैक व सिगनल प्रणाली की बारीकी से जांच की।
इस दौरान रेलवेे के अधिकारी व अफसर भी मौके पर मौजूद रहे, जिन्होंने फ्रांस की टीम के साथ रेलवे ट्रैक व सिग्नल प्रणाली को लेकर विचार-विमर्श किया। उसके बाद फ्रांस की टीम रेलवे यार्ड स्थित पॉवर केबिन कार्यालय में पहुंची, जहां पहुंचकर टीम ने रिले रूम, पैनल रूम, यार्ड व ट्रैकों पर लगे सिग्नल संबंधी उपकरणों का पूरी तरह से जायजा लिया। इसके साथ ही फ्रांस की टीम ने रेलवे अफसरों को 200 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेनें चलाने को लेकर विचार-विमर्श किया। करीबन डेढ़ घंटे के बाद फ्रांस की टीम रेलवे अफसरों के साथ डीआरएम कार्यालय पहुंची। रेलवे अफसरों के अनुसार फ्रांस की राष्ट्रीय रेलवे (एसएनसीएफ) टीम ने बुधवार को चंडीगढ़ और अंबाला कैंट रेलवे स्टेशनों का दौरा किया। टीम ने एक पुल का निरीक्षण भी किया।