अंबाला। साहा के केसरी गांव स्थित प्रताप फैक्टरी में शुक्रवार रात 10 बजे काम करते समय अचानक चार मजदूर झुलस गए। यह हादसा फैक्टरी के बॉयलर के पास काम करते समय हुआ। जैसे ही एक मजदूर उपलों की राख निकालने लगा तो भारी मात्रा में अधजले उपले बाहर आकर गिरे। इनकी चपेट में आकर चारों सिर से लेकर पैर तक झुलस गए। दूसरे साथियों ने आग बुझाने के बाद उन्हें कैंट के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ पीजीआई भेज दिया गया।
इस हादसे में हल्दरी निवासी लखविंद्र(31), शाहाबाद के लंडा निवासी सतीश (40), किशनगढ़ निवासी विनोद कुमार (40), बिहार के लखी सराय निवासी ललू (25) झुलस गए। साहा थाना पुलिस ने भी फैक्टरी में घटना स्थल का जायजा लिया। थाना प्रभारी कर्मवीर ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बॉयलर के नीचे उपले लगाते समय अचानक से चारों मजदूर झुलस गए। फैक्टरी में जींस आदि बनाई जाती है। मामले की फिलहाल गहनता से जांच की जा रही है।