महर्षि मार्कंडेश्वर डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय मुलाना के चार छात्रों की टीम ने आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एआईटी) पुणे की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तर के हैकथॉन में भाग लेकर प्रथम पुरस्कार हासिल किया है। उन्हें एक लाख रुपये का पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने टीम की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है। टीम में मोहित कुमार, गौतम गोयल, पदमालय रावल, और साक्षी अग्रवाल शामिल रहे।
सीएसई सहायक प्रोफेसर विशाल गुप्ता के मार्गदर्शन में एमएमईसी के 4 छात्रों ने एक प्रजेंटेशन के रूप में अपना विचार इस राष्ट्रीय स्तर के हैकथॉन में भेजा। इसके बाद पूरे देश से पहुंची 800 टीमों में से 13 टीमों को अंतिम दौर के लिए चुना गया। जिसमें एमएमईसी की टीम भी शामिल थी। विश्वविद्यालय की टीम ने एक वर्चुअल सिमुलेशन डिवाइस बनाया जो चिकित्सकों के लिए बहुत उपयोगी है। ये व्यक्ति के सामने एक आभासी मानव शरीर बनाता है और यहां तक कि वीआईएफई नामक एक हैंडहेल्ड हार्डवेयर कंट्रोलर का उपयोग करके उस पर वर्चुअल सर्जरी भी कर सकता है। इस डिवाइस में हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और वर्चुअल रियलिटी शामिल हैं। टीम की उपलब्धि पर कुलाधिपति तरसेम गर्ग, डॉ. विशाल गर्ग, कुलपति डॉ. हरीश शर्मा, निदेशक डॉ. अशोक कुमार, रजिस्ट्रार डॉ. सुमित मित्तल, एचओडी (सीएसई) डॉ. संदीप गोयल, एचओडी (ईसीई) डॉ. शरद शर्मा ने टीम का स्वागत किया और उन्हें बधाई दी।