बराड़ा। लड़के के जन्मदिन पर भाई के घर आई बहन के साथ पड़ोसियों ने मारपीट कर दी। अभी यह मामला सुलझा भी नहीं था कि आरोपियों ने कुछ दिनों बाद दोबारा से पीड़ित पक्ष को ही पीट दिया। दहिया माजरा गांव निवासी प्रवेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। प्रवेश कुमार ने बताया कि उसके बेटे के जन्मदिन पर उसकी बहन मनेश रानी आई हुई थी। 21 जुलाई को उनके घर से कुछ दूरी पर रहने वाली महिला ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इस संबंध में बराड़ा चौकी में 22 जुलाई को शिकायत दी थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को 28 जुलाई के लिए बुलाया था, लेकिन वीआईपी ड्यूटी होने के कारण पुलिस अधिकारी नहीं मिले, इसके बाद जब वो बराड़ा से वापस अपने घर के लिए चले तो बीच रास्ते में प्रदीप कुमार सहित अन्य परिजनों ने डंडों आदि से मारपीट शुरू कर दी।