अंबाला। छावनी के विभिन्न वार्डों में स्वीकृत विकास कार्यों को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के लिए नगर परिषद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के दिशा-निर्देशों और प्रयासों के तहत शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई।
बैठक के दौरान विकास कार्यों की निगरानी के लिए गठित चार सदस्यीय कमेटी ने वार्डवार स्वीकृत परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। कमेटी सदस्यों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि जिन कार्यों के टेंडर लग चुके हैं, उन्हें बिना किसी देरी के शुरू करवाया जाए और लंबित टेंडर प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।
-
सुभाष पार्क और नाइट फूड स्ट्रीट पर विशेष फोकस
नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर ने बताया कि शहर के प्रमुख आकर्षण के केंद्र सुभाष पार्क में प्रस्तावित विकास व सौंदर्यीकरण कार्यों को शीघ्र शुरू करवाने पर बैठक में गंभीरता से चर्चा हुई। इसके अलावा, नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट में बिजली आपूर्ति सुचारू करने के लिए नया ट्रांसफार्मर लगाने के कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश संबंधित विभाग और अधिकारियों को दिए गए। बैठक में उपप्रधान ललता प्रसाद, संजीव सोनी, बीएस बिंद्रा, जसबीर जस्सी और मदन लाल शर्मा आदि उपस्थित रहे।