एसडी कॉलेज में दाखिले के लिए पहुंचे विद्यार्थी। कॉलेज
- फोटो : 1
अंबाला सिटी। जिले के चार राजकीय कॉलेज को आठ नए कोर्स मिले हैं। इन कोर्स में नए सत्र से दाखिले किए जाएंगे।
राजकीय महाविद्यालय छावनी में मास्टर ऑफ साइंस फिजिक्स, जनसंचार पीजी डिप्लोमा, राजकीय महाविद्यालय साहा में बीबीए, राजकीय महाविद्यालय नारायणगढ़ में एमए राजनीति शास्त्र, बीए विद मेजर इन इंग्लिश, बीबीए, राजकीय महिला महाविद्यालय शहजादपुर में एमए साइकोलॉजी, बैचलर ऑफ साइंस मेडिकल के नए कोर्स शामिल किए हैं। इन कोर्स के शुरू होने से इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए दूर दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही कॉलेजों में भी विद्यार्थियों की संख्या बढ़ेगी।
कुरुक्षेत्र और चंडीगढ़ के नहीं लगेंगे चक्कर
छावनी के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में इस सत्र से जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा शुरू हो रहा है। प्राचार्य डॉ. देसराज बाजवा ने कहा कि इस एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा शुरू होने पर अब अंबाला के छात्रों को कुरुक्षेत्र या फिर चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी नहीं जाना होगा। उन्होंने कहा कि इस पीजी डिप्लोमा का अंबाला में कार्यरत मीडियाकर्मियों को भी लाभ होगा। पीजी डीजेएमसी में किसी भी विषय से ग्रेजुएट डिग्री पास छात्र दाखिला ले सकता है। उन्होंने बताया कि कॉलेज में पहले ही बीए मास कम्युनिकेशन की तीन वर्षीय जॉब ओरिएंटेड डिग्री कराई जाती है।
एसडी कॉलेज में आए 350 आवेदन
ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया 19 मई से शुरू हो चुकी है। एसडी कॉलेज में दाखिले के लिए प्रशासन द्वारा कंप्यूटर लैब और काउंसलिंग रूम में फॉर्म भरने की निशुल्क सेवा प्रारंभ की गई है। प्रवेश प्रक्रिया के प्रारंभिक दिनों में ही 350 से अधिक आवेदन फॉर्म सफलतापूर्वक भरे जा चुके हैं।